घूमना-फिरना छोड़िए...अब सिर्फ सोने के लिए लें छुट्टियां! तेजी से पॉपुलर हो रहा है Sleep Tourism का ये ट्रेंड

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 10:10 AM (IST)

नेशनल डेस्क: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में काम का दबाव, दफ्तर की जिम्मेदारियां और मोबाइल फोन के लगातार आने वाले नोटिफिकेशन लोगों की दिनचर्या को काफी प्रभावित कर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा असर लोगों की नींद पर पड़ रहा है। कई लोग पर्याप्त नींद नहीं ले पा रहे हैं, जिसके कारण थकान और तनाव की समस्या बढ़ती जा रही है। इसी वजह से अब दुनियाभर में ‘स्लीप टूरिज्म’ यानी अच्छी नींद के लिए खास तरह की छुट्टियां लेने का चलन तेजी से बढ़ रहा है।

क्या है स्लीप टूरिज्म
स्लीप टूरिज्म एक ऐसा ट्रैवल ट्रेंड है, जिसमें लोग घूमने-फिरने या मनोरंजन के बजाय आराम और अच्छी नींद पाने के लिए यात्रा करते हैं। इस तरह के टूरिज्म में होटल और रिसॉर्ट अपने मेहमानों को खास “स्लीप पैकेज” उपलब्ध कराते हैं। इन पैकेज में ऐसी सुविधाएं दी जाती हैं, जो लोगों को गहरी और सुकूनभरी नींद लेने में मदद करें।

इन सुविधाओं में शोर से दूर शांत वातावरण, विशेष रूप से तैयार किए गए आरामदायक बिस्तर और कमरे का ऐसा डिजाइन शामिल होता है, जो नींद के लिए अनुकूल माहौल बनाता है। इसके अलावा मेहमानों को योग, ध्यान, स्पा थेरेपी और ऐसा पौष्टिक भोजन भी दिया जाता है, जो शरीर को शांत करने और अच्छी नींद लाने में मदद करता है।

रिपोर्ट में सामने आया बढ़ता ट्रेंड
ट्रैवल प्लेटफॉर्म स्काईस्कैनर की 2025-2026 की ट्रैवल ट्रेंड रिपोर्ट में भी यह बात सामने आई है कि अब बड़ी संख्या में लोग अच्छी नींद के लिए छुट्टियां लेने की योजना बना रहे हैं। लोग ऐसी जगहों की तलाश कर रहे हैं, जहां उन्हें शांति और आराम मिल सके और वे अपने शरीर और दिमाग को पूरी तरह से रिलैक्स कर सकें।


भारत में भी बढ़ रही नींद की समस्या
विशेषज्ञों का कहना है कि नींद की कमी एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। इंडियन जर्नल ऑफ स्लीप मेडिसिन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के शहरी इलाकों में रहने वाले करीब 64 प्रतिशत लोग सुबह 7 बजे से पहले ही उठ जाते हैं। वहीं लगभग 61 प्रतिशत लोग पर्याप्त नींद नहीं ले पाते।


स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी है पूरी नींद
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद बेहद जरूरी होती है। पर्याप्त नींद न मिलने से शरीर में थकान, तनाव और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसी कारण अब कई लोग अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय निकालकर ऐसी जगहों पर जाना पसंद कर रहे हैं, जहां वे शांत माहौल में आराम कर सकें और अपने शरीर तथा दिमाग को दोबारा तरोताजा महसूस कर सकें। यही वजह है कि स्लीप टूरिज्म धीरे-धीरे दुनिया के साथ-साथ भारत में भी एक नया और लोकप्रिय ट्रेंड बनता जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News