अब रोबोट करेंगे गटर की सफाई, महाराष्ट्र सरकार खरीदेगी 100 रोबोट

punjabkesari.in Wednesday, Apr 16, 2025 - 12:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र सरकार ने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने बताया कि सरकार 27 नगर निगमों के लिए 100 रोबोट खरीदेगी, जो गटर की सफाई का काम करेंगे। यह फैसला केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा किए गए सामाजिक ऑडिट के बाद लिया गया है। इस ऑडिट में पाया गया कि महाराष्ट्र में सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही हुई है।

क्या सामने आया ऑडिट में?
ऑडिट मुंबई, पुणे, परभणी, सतारा और शिरुर जैसे शहरों में किया गया। इसमें 2021 से 2024 के बीच 18 सफाई कर्मचारियों की मौतें दर्ज की गईं। सर्वेक्षण में ये बात भी सामने आई कि सभी जगहों पर सुरक्षा नियमों का पालन नहीं हो रहा था, कर्मचारियों को सुरक्षात्मक उपकरण नहीं दिए जा रहे थे और आपातकालीन सेवाएं भी नहीं थीं।

क्या कर रही है राज्य सरकार?
संजय शिरसाट ने बताया कि सबसे पहले एक नया स्वदेशी रोबोट छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम में एक महीने तक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। अगर यह प्रयोग सफल रहा, तो बाकी 100 रोबोट खरीदे जाएंगे।

ये रोबोट पूरी तरह भारत में बने हैं और पुराने रोबोटों की तुलना में ज्यादा सक्षम हैं। इनमें न सिर्फ सफाई की बेहतर क्षमता होगी, बल्कि कचरा अलग करने (Waste Segregation) की तकनीक भी होगी। शिरसाट ने बताया कि सामाजिक न्याय विभाग, शहरी विकास विभाग को ये रोबोट देगा और फिर शहरी विकास विभाग उन्हें सभी नगर निगमों में वितरित करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News