कागजों में ही सीमित रह गई पुलिस थाने बनाने की घोषणा, 6 महीने में नहीं बना एक भी थाना

Wednesday, Nov 23, 2016 - 11:11 AM (IST)

मोहाली (राणा) : शहर में अपराधिक वारदातों को आकंड़ा बढ़ता हुआ देख पंजाब के सी.एम. प्रकाश सिंह बादल ने करीब 6 महीने पहले शहर में 5 नए पुलिस थाने बनाने की घोषणा की थी, लेकिन यह घोषणा सिर्फ कागजों तक ही सीमित होकर रह गई, क्योंकि अभी तक एक भी थाने का काम शुरू नहीं किया गया है। जबकि ग्माडा द्वारा जहां-जहां पुलिस थाने बनाएं जाने हैं उसके लिए जगह भी ग्माड़ा ने तय कर दी है। 

 

महिला थाना बनेगा अलग 
सी.एम. बादल ने शहर में महिला थाने समेत पांच नए थाने खोलने की मंजूरी दी थी व ग्माडा द्वारा पुलिस थाने बनाने के लिए जमीन देनी तय हो गई है। यह थाने एयरोसिटी से लेकर न्यू चंडीगढ़ स्थित मैडीसिटी में स्थित होंगे। मालूम हो कि शहर को पहली बार महिला थाना मिला है। थाने में अधिकारी से लेकर अन्य कर्मचारी महिला होंगी। ऐसे महिलाएं अपनी समस्याओं को आसानी से पुलिस के सामने रख पाएंगी। इससे पहले फेज-7 स्थित एन.आर.आई. विंग में ही महिला थाना था। 
 
 

थाने तो मिले, कब मिलेगी फोर्स 
जानकारी के मुतरबिक शहर में 5 नए पुलिस थाने खुलने के लिए प्लान तो तैयार कर लिया है मगर पहले से ही विभाग के पास पुलिस फोर्स कम है और जो नए थाने बनाए जाने हैं उनमें पुलिस फोर्स कहां से तैनात करेंगे। 

 

नहीं भरा पुलिस थानों ने प्रॉपटी टैक्स
सूत्रों की मानें तो इंडस्ट्रीलिस्ट के साथ साथ कई पुलिस थानों ने भी अभी तक प्रॉपटी टैक्स नहीं भरा है। पुलिस विभाग को करीब 50 लाख प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। वहीं अगर देखा जाए तो प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरने वालों की सूची में सबसे आगे एन.आर.आई. हैं। 

 

यहां बनाए जाएंगे पुलिस थाने 
सैक्टर-89 में एक एकड़, एयरोसिटी में 0.92 एकड़ , सैक्टर 66 में 2 एकड़ (आई.टी. सिटी), मैडीसिटी में एक एकड़ (न्यू चंडीगढ़ मुल्लांपुर), और सैक्टर-77 में 0.50 एकड़, में बनाए जाने थे। जानकारों के मुताबिक इन इलाकों में जल्द ही लोग रहना शुरू कर देंगे। इसके बाद लोगों की सहूलियत के लिए यह कार्रवाई की गई है। साथ ही नए थाने खुलने से अन्य थानों का वर्कलोड कम हो जाएगा।

Advertising