Weather Updates-बर्फीली हवाओं के आगोश में उत्तर भारत, दिल्ली में अगले दो दिन गिरेगा पारा

Thursday, Dec 17, 2020 - 12:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण उत्तर भारत बर्फीली हवाओं के आगोश में है। हाड़ कंपानी वाली ठंड ने दो दिन में ही लोगों का बुरा हाल कर दिया। वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली में दिन में ठंड रहने और शीत लहर चलने का पूर्वानुमान लगाया है। IMD ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 18.6 डिग्री दर्ज किय गया। IMD ने बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते मंगलवार को शीत लहर की घोषणा कर दी थी।

IMD के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बहने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि मैदानों में अगर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे या लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जाती है लेकिन दिल्ली जैसे छोटे क्षेत्र में यह स्थिति एक दिन भी बने रहने पर शीतलहर की घोषणा की जा सकती है। इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब' श्रेणी में दर्ज की गई।

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई पहाड़ी इलाकों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि देश के मैदानी इलाकों में अमृतसर में सबसे कम 2.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अमृतसर में अधिकतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 13 डिग्री कम है। अमृतसर में मनाली, शिमला और श्रीनगर से अधिक ठंड पड़ रही है।

Seema Sharma

Advertising