आठ अंग के साथ पैदा हुआ था बच्चा, डाक्टरों ने दी नई जिंदगी

Saturday, Apr 15, 2017 - 11:53 AM (IST)

नई दिल्ली: नोएडा के जे.पी. अस्पताल में एक ईराकी बच्चे की जटिल सर्जरी कर उसे नई जिंदगी दी गई। बच्चे करम का बेहद दुर्लभ किस्म के पोलिमेलिया विकार के साथ जन्म हुआ था। यह ऐसा विकार है जिसमें किसी के हाथ-पैर सामान्य से ज्यादा संख्या में होते हैं। करम के शरीर में भी 8 अतिरिक्त अंग थे। इसके साथ ही उसे हृदय, आंत एवं अंडकोष सहित अन्य अंगों में भी बीमारियां थीं। जे.पी. अस्पताल के 4 विभागों के संयुक्त प्रयास से बेहद जटिल ऑप्रेशन सफल हुआ और करम के शरीर से अतिरिक्त अंगों को हटाकर उसे नई जिंदगी दी गई।

खास बात यह है कि बच्चे को बीमारियों से मुक्त करने के लिए 6 महीने में 3 विभागों की टीम द्वारा अलग-अलग 3 सर्जरियां की गईं। विश्व के चिकित्सा इतिहास में इस तरह के केवल 5-6 मामले देखे गए हैं। अब तक ऐसे जितने भी मामले सामने आए हैं उन सभी में करम की बीमारी अत्यधिक जटिल थी। जे.पी. अस्पताल के ऑर्थोपैडिक विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डा. गौरव राठौर के अनुसार बच्चे के पिता स्वयं ईराक के एक हॉस्पिटल में एमरजैंसी विभाग में डाक्टर हैं।

Advertising