इंटीरियर के नाम पर करोड़ों की ठगी! घर तुड़वाकर फरार हो जाता था BTech पास आरोपी

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 11:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क:नोएडा में इंटीरियर डिजाइन के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-63 थाना पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी गुड्डू आलम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके चार अन्य साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी घर, कोठी और फ्लैट में इंटीरियर व रेनोवेशन का काम दिलाने का झांसा देकर ग्राहकों से कुल प्रोजेक्ट लागत का 50 से 60 प्रतिशत तक एडवांस वसूल करता था। इसके बाद वह मकान में तोड़फोड़ शुरू करवा देता, ताकि ग्राहक को लगे कि काम चल रहा है। कुछ ही दिनों में आरोपी अपने मजदूरों समेत फरार हो जाता और मोबाइल फोन भी बंद कर लेता था।

सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुड्डू आलम बिसरख थाना क्षेत्र का रहने वाला है और बीटेक डिग्रीधारी है। वह सेक्टर-63 में “होम मेसर्स प्राइवेट लिमिटेड” नाम से कंपनी चलाने का दावा करता था। जांच में सामने आया है कि उसने अब तक 22 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी की है।

आरोपी सोशल मीडिया पर कुछ चुनिंदा पूरे किए गए प्रोजेक्ट्स की तस्वीरें पोस्ट करता था, जिससे नए ग्राहक उस पर भरोसा कर लेते थे। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह पैसों के लालच और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए यह ठगी करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कंप्यूटर, लैपटॉप, फर्जी कागजात और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इंटीरियर या रेनोवेशन के नाम पर किसी को भी भारी रकम देने से पहले कंपनी की पूरी जांच, रिव्यू और कानूनी अनुबंध जरूर करें।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News