भारत के जवाबी एक्शन पर झुकी ब्रिटेन सरकार, टीका लगवा चुके भारतीयों को क्वारंटीन से दी छूट

Friday, Oct 08, 2021 - 09:59 AM (IST)

लंदनः कोरोना नियमों को लेकर भारत सरकार के सख्त एक्शन के बाद  ब्रिटेन सरकार ने झुकते हुए भारतीयों के लिए कोरोना यात्रा प्रतिबंधों  को लेकर बड़ा ऐलान किया है। ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि 11 अक्टूबर से कोविशील्ड या  इंगलैड में मंजूरी पाए किसी अन्य वैक्सीन को लगवाने वाले भारतीय यात्रियों को क्वारंटीन नहीं किया जाएगा।

दरअसल बोरिस जॉनसन सरकार के भारतीयों के लिए कड़े नियमों को लागू करने पर अक्टूबर के शुरुआत में ही भारत ने भी जैसे को तैसा वाला फंडा अपनाते हुए ब्रिटिश नागरिकों को भी अनिवार्य क्वारंटीन होने का फरमान सुना दिया था।  यूके के अब यात्रा संबंधी नए अपडेट के अनुसार भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने ट्वीट कर कहा कि कोविशील्ड या यूके सरकार से अनुमोदित किसी अन्य वैक्सीन की पूरी डोज लिए भारतीय यात्रियों को क्वारंटीन नहीं किया जाएगा। यह आदेश 11 अक्टूबर से यूनाइटेड किंगडम जाने वाले भारतीय यात्रियों पर लागू होगा।

 
भारत की सख्त चेतावनी के बाद सितंबर में ब्रिटेन ने कोविशील्ड को मान्यता तो दे दी थी, लेकिन इसमें क्वारंटीन का कड़ा नियम लागू कर दिया था। भारत अबतक ब्रिटेन के एंबर लिस्ट में था, ऐसे में वैक्सीन लगवाने के बाद भी ब्रिटेन जाने वाले भारतीय नागरिकों को क्वारंटीन रहना पड़ता था। भारत सरकार ने ब्रिटेन के इस रवैये को लेकर कई बार सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जताई थी। भारत सरकार ने ब्रिटेन के अड़ियल रवैये को देखते हुए सख्‍त रुख अपनाया था।

अक्टूबर की शुरूआत में भारत सरकार ने ब्रिटिश नागरिकों को भारत आने पर 10 दिन अनिवार्य रूप से क्‍वारंटीन रहने का हुक्म सुनाया था। फिर चाहे उनके वैक्‍सीनेशन का स्‍टेटस कुछ भी हो। भारत के नए नियम चार अक्टूबर से लागू भी हो गए थे। ब्रिटिश नागरिकों के लिए यात्रा से पहले 72 घंटे के भीतर प्री-डिपार्चर कोविड-19 आरटी-पीआरसी टेस्‍ट जरूरी किया गया था। एयरपोर्ट आगमन पर उनका कोविड-19 आरटी-पीसीआर टेस्‍ट भी होगा। फिर आगमन के 8 दिन बाद दोबारा कोविड-19 आरटी-पीसीआर टेस्ट होगा।

 

Tanuja

Advertising