कश्मीर मुद्दे पर कांग्रेस से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं : भाजपा

Sunday, Jun 04, 2017 - 10:22 PM (IST)

नई दिल्ली: सरकार की कश्मीर नीति की आलोचना को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया और कहा कि उसे एेसी किसी पार्टी से प्रमाणपत्र की जरूरत नही है जिसने ‘‘भारत द्वारा कश्मीर पर कब्ज़ा करने’’ जैसी टिप्पणी की है।

कांग्रेस द्वारा लखनऊ में जारी की गई पुस्तिका का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि लोग एेसी ‘‘मानसिकता’’ के लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेंगे। उस पुस्तिका में देश का गलत नक्शा प्रकाशित किया गया है और पूरे जम्मू  कश्मीर को ‘‘भारत के कब्जे वाला कश्मीर’’ बताया गया है।

उन्होंने हैदराबाद में कहा कि हमारे सैंकड़ों बहादुर सैनिक वर्षों से देश की संप्रभुता और भौगोलिक अखंडता की रक्षा के लिए अपनी जान देते रहे हैं और उस पर पार्टी का यह रुख है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस के मन में अंतिम समाधान यही था कि कश्मीर पाकिस्तान को दे दिया जाए।

पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने जोर दिया कि सरकार के पास काफी मजबूत कश्मीर नीति है और वह आम कश्मीरियों, आतंकवादियों तथा अलगाववादियों के बीच भेद कर रही है तथा उनके साथ अलग अलग व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस नीति का नतीजा दिख रहा है।

उन्होंने दिल्ली में कहा कि सरकार और सुरक्षा बल की एक राय है और वे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को समाप्त करने के लिए काम कर रहे हैं  हुसैन ने कहा कि कांग्रेस ने तो सेना द्वारा नियंत्रण रेखा के पार किए गए र्लिक्षत हमले पर भी सवाल किए थे।  भाजपा की प्रतिक्रिया कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्र पर निशाना साधने के बाद आयी है। राहुल ने केंद्र पर कश्मीर मुद्दे से ठीक से नहीं निपटने का आरोप लगाया था। 

Advertising