2016 से पहले सर्जिकल स्ट्राइक होने का कोई डाटा नहीं : सेना

Tuesday, May 07, 2019 - 09:50 PM (IST)

नई दिल्ली : सेना ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि उसके पास 29 सितंबर 2016 से पहले सर्जिकल स्ट्राइक होने का कोई डाटा नहीं है। सैन्य संचालन महानिदेशालय (डीजीएमओ) ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत इस संबंध में जानकारी मांगे जाने पर कहा ‘29 सितम्बर 2016 के पहले यदि सर्जिकल स्ट्राइक हुआ है तो उनके बारे में इस विभाग के पास कोई डाटा नहीं है।' डीजीएमओ ने यह भी बताया कि इस सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान भारतीय सेना का कोई भी जवान शहीद नहीं हुआ।

जम्मू के आरटीआई कार्यकर्ता रोहित चौधरी द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में डीजीएमओ ने यह जानकारी दी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पिछली संप्रग सरकार के कार्यकाल में सेना द्वारा छह सर्जिकल स्ट्राइक के पिछले सप्ताह किए गए दावे के परिप्रेक्ष्य में विभाग की यह जानकारी महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा था कि उन सर्जिकल स्ट्राइकों के रिकॉर्ड मौजूद हैं। गांधी के दावे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संप्रग के सर्जिकल स्ट्राइकों को ‘वीडियो गेम' कहा था।

इस पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि वह ऐसा कहकर सेना का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा ‘सेना मोदी की निजी प्रॉपर्टी नहीं है। ये सर्जिकल स्ट्राइक सेना ने किए थे, न कि कांग्रेस पार्टी ने। उन्हें वीडियो गेम बताकर वह सेना का अपमान कर रहे हैं।'इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल भी कह चुके थे कि संप्रग सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2011 में ‘ऑपरेशन जिंजर' नाम से सर्जिकल स्ट्राइक हुए थे।

shukdev

Advertising