नीतीश के एजेंडा से शिक्षा बाहर - उपेन्द्र कुशवाहा

Sunday, Dec 25, 2016 - 06:31 PM (IST)

पटना: केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी(रालोसपा) के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने आज आरोप लगाया और कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा को अपने एजेंडा से निकाल दिया है जिसके कारण राज्य में शिक्षा की स्थिति काफी खराब हो गई है।

कुशवाहा ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिन को आज पूरे देश में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है लेकिन बिहार में सुशासन नाम की चीज नहीं दिखाई पड़ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले सुशासन के नाम का रट लगाते हुए नहीं थकते थे लेकिन अब वह इसे भूल गए हैं।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार इन दिनों अपने निश्चय यात्रा के क्रम में जिलो का दौरा कर रहे हैं लेकिन सुशासन की चर्चा कहीं नहीं करते। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन का दावा अब खोखला साबित हो रहा है। राज्य में विधि- व्यवस्था की स्थिति किसी से छुपा नहीं है और आए दिन घटनाएं होती रहती है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अपने निश्चय यात्रा के दौरान विधि- व्यवस्था में सुधार और शिक्षा की बेहतरी के लिए किए जा रहे कार्यों की चर्चा तक नहीं करना चाहते हैं। 

Advertising