नीतीश ने भाजपा के साथ बनाया ‘अधर्म’ का गठबंधन: ज्योतिरादित्य

Friday, Aug 11, 2017 - 07:05 PM (IST)

पटना: लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बिहार में नीतीश कुमार के महागठबंधन से नाता तोड़ कर भाजपा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ सरकार बनाने को ‘अधर्म का गठबंधन’ बताया और कहा कि यह राज्य की जनता के साथ विश्वासघात है। सिंधिया ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिये बगैर कहा कि बिहार में सांप्रदायिक शक्तियों के विरोध में राजद, कांग्रेस और जदयू ने मिलकर महागठबंधन बनाया था, जिसे वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में जनादेश भी मिला लेकिन कुछ लोगों ने जनादेश का अपमान करते हुए ‘अधर्म का गठबंधन’ कर सरकार बना ली।

कांग्रेस नेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय इसी भाजपा ने बिहार के लोगों के डीएनए को गाली दी थी। इसके बाद महागठबंधन के कुछ लोगों ने इसका करारा जवाब भी दिया था। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों के विरोध में ही जनता ने महागठबंधन को 5 साल सरकार चलाने के लिए जनादेश दिया। लेकिन, कुछ लोगों ने जनता के साथ विश्वासघात किया और महागठबंधन से निकलकर अधर्म का गठबंधन बना लिया। 

Advertising