नीतीश कुमार आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, सुशील मोदी होंगे डिप्टी सीएम

Thursday, Jul 27, 2017 - 05:28 AM (IST)

पटना: नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर बिहार की सियासत में भूकम्प ला दिया है। जद (यू) विधायक दल की बैठक के बाद नीतीश ने राजभवन जाकर राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी को अपना त्याग पत्र सौंपा, जिसे उन्होंने देर रात स्वीकार कर लिया। इस्तीफा देने के बाद राजभवन से बाहर निकलकर उन्होंने इस्तीफा देने की वजह बताई।

नीतीश ने कहा कि हमने 20 महीने तक गठबंधन की सरकार चलाई है। हमसे जितना मुमकिन हुआ उतना गठबंधन धर्म को निभाया। हमने चुनाव के दौरान जनता से जो वायदे किए उन पर काम करने की हर मुमकिन कोशिश की। लगातार बिहार के लिए काम किया। बिहार में शराबबंदी जैसा सामाजिक फैसला किया।विपक्षी एकता पर नीतीश ने कहा कि हम विपक्षी एकता के साथ हैं मगर कोई एजैंडा तो हो। राष्ट्रपति चुनाव में हमने रामनाथ कोविंद का समर्थन किया। वह बिहार के राज्यपाल रहे हैं। उसके बाद हमारे ऊपर जाने क्या-क्या आरोप लगाए गए? हमारी और उनकी सोच का दायरा भी अलग है इसलिए मैंने अपनी अंतर्रात्मा की आवाज सुनी और अपना त्याग पत्र दे दिया।

वहीं नीतीश कुमार के इस्तीफे के 3 घंटे के अंदर ही भाजपा ने उन्हें नई सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की घोषणा कर दी और राज्यपाल को इससे संबंधित पत्र भी सौंप दिया। भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुशील कुमार मोदी ने बताया कि भाजपा राज्य में राजनीतिक अस्थिरता नहीं चाहती है इसलिए उसने नीतीश को समर्थन देने का फैसला लिया है। इस बीच नीतीश के इस्तीफा देने के एक घंटे के बाद ही मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायक दल की बैठक हुई जिसमें उन्हें फिर से विधिवत नेता चुन लिया गया। 

राजद भी ठोकेगी सरकार बनाने दावा
नीतीश के गठबंधन से अलग होने के बाद राजद और कांग्रेस सकते में आ गई थीं लेकिन जब भाजपा ने नीतीश को समर्थन देकर सरकार बनाने की खबरें फैलने लगी। ठीक उसी वक्त राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने ये कहकर सबको चौंका दिया कि वे भी राज्यपाल से मिलकर सुबह 10 बजे सरकार बनाने का दावा करेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि वह भी अपने विधायकों के साथ राजभवन में जाएंगे अगर राज्यपाल ने उन्हें नहीें बुलाया तो वह धरना देंगे। तेजस्वी ने बाकायदा प्रेस मीटिंग करके इसकी घोषणा की। 

आधी रात में शपथग्रहण के कार्यक्रम में बदलाव
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के समय में देर रात बड़ा बदलाव हुआ। छठी बार सीएम पद की शपथ लेने जा रहे नीतीश का शपथ ग्रहण अब शाम पांच बजे के बजाए सुबह 10 बजे होगा। बिहार बीजेपी के अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि सुबह सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सुशील मोदी का शपथ ग्रहण होगा, बाकी मंत्रीमंडल के शपथ ग्रहण को लेकर बाद में जानकारी दी जाएगी। शपथग्रहण के समय में इस बदलाव को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि राज्यपाल ने आरजेडी को मुलाकात के लिए सुबह 11 बजे का टाइम दिया है। 

नीतीश को मोदी की बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने के लिए’ नीतीश की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरा देश उनकी ईमानदारी का समर्थन करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने के लिए नीतीश कुमार को बधाई। सवा सौ करोड़ लोग उनकी ईमानदारी का स्वागत और समर्थन करते हैं।’’ मोदी ने कहा, ‘‘देश और खासकर बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए समय की जरूरत है कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठें तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में शामिल हों।’’ 

राहुल से भी हुई बात 
नीतीश कुमार ने कहा कि हमने अपनी राजनीति से कभी समझौता नहीं किया। मेरे मन में बहुत दिनों से यह बात चल रही थी कि कोई रास्ता निकल जाए। राहुल से भी हमारी बात हुई। बिहार कांग्रेस के नेताओं से भी बात हुई। उनकी तरफ से कहा गया कि यह संकट है मगर आरोप पर अगर कुछ स्पष्ट कर देते तो हमें भी कोई आधार मिलता मगर इतने दिनों बाद भी उनकी तरफ से कुछ नहीं बोला गया। 

शपथ ग्रहण में आज आ सकते हैं पीएम
मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार गुरुवार सुबह 10 बजे शपथ ले सकते हैं। महागठबंधन सरकार से इस्तीफा देने के बाद एनडीए सरकार के मुखिया के रूप में नीतीश कुमार राज्य में छठी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नीतीश सरकार का शपथ ग्रहण राजभवन में ही होगा। इस नई सरकार में भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुशील कुमार मोदी राज्य के नए उप मुख्यमंत्री होंगे। इसके अलावा भाजपा कोटे से दर्जन भर से अधिक विधायकों को भी सरकार में शामिल होने का मौका मिलेगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने की चर्चा है। हालांकि इसकी पुष्टि भाजपा के किसी नेता ने नहीं की। 

नीतीश हत्यारोपी, कोई और बने मुख्यमंत्री: लालू
बिहार के सी.एम. नीतीश कुमार के इस्तीफे से बौखलाए राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने उनको आड़े हाथों लेते हुए उन पर आरोपों की बौछार कर दी। उन्होंने नीतीश पर बात से पलटने का आरोप लगाते हुए एक बार फिर अपने बेटे और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर लगे आरोपों को निराधार बताया।लालू ने कहा कि तेजस्वी यादव पर लगे सभी आरोप निराधार हैं।

उन्होंने दावा किया कि नीतीश पर मर्डर केस का आरोप है। उन्होंने चुनाव आयोग को दिए अपने हलफनामे में इस बात को स्वीकार किया है कि उनके ऊपर आई.पी.सी. की धारा 302, 310, 307 का केस चल रहा है। 302 में फांसी या उम्रकैद की सजा होती है। अत्याचार का केस कथित भ्रष्टाचार से बड़ा होता है इसलिए उनकी जगह किसी और को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस्तीफे का नाटक पहले से ही सैट था। लालू ने कहा कि नीतीश ने कोई इस्तीफा नहीं मांगा था मगर वह अपनी बात से पलट गए। उन्होंने कहा कि वह मिट्टी में मिल जाएंगे लेकिन भाजपा में नहीं जाएंगे। 

नई सरकार का गणित
जनता दल (यू)                71
भाजपा                          53
लोजपा                          02
रालोसपा                        02
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा      01
कुल                           129

कुल विधायक :             243
बहुमत के लिए 122 जरूरी 

नीतीश को लेकर सटीक निकला ‘पंजाब केसरी’ का आकलन
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर ‘पंजाब केसरी’ का आकलन सटीक साबित हुआ है। पंजाब केसरी वैबसाइट ने 10 जुलाई को ही नीतीश के इस्तीफे की भविष्यवाणी कर दी थी। बिहार के सियासी हालातों और नीतीश की छवि व भाजपा के साथ उनकी बढ़ रही नजदीकियों के आधार पर किए गए आकलन में हमने लिखा था कि नीतीश की सबसे बड़ी पूंजी उनकी ईमानदार छवि है और इस छवि से वह समझौता नहीं करेंगे। हमने लिखा था कि बिहार के सियासी संकट का सबसे ज्यादा नुक्सान कांग्रेस को होगा क्योंकि लम्बे समय बाद कांग्रेस को बिहार में 27 सीटें मिली थी और उसे सत्ता में हिस्सेदारी भी मिली थी। बुधवार के घटनाक्रम के बाद ‘पंजाब केसरी’ का आकलन सही साबित हुआ है।देश की सियासत से जुड़ी तमाम खबरों के अलावा अन्य खबरों के विश्लेषण के लिए आप ‘पंजाब केसरी’ की मोबाइल एप्लीकेशन इंस्टाल कर सकते हैं।

Advertising