Bihar Politics: बिहार से दिल्ली तक मची सियासी हलचल, नीतीश कुमार ने JDU अध्यक्ष पद के लिए भरा नामांकन
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 06:56 PM (IST)
नेशनल डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के साथ राष्ट्रीय राजनीति में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बृहस्पतिवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में कुमार का नामांकन प्रस्तुत किया। झा कुमार के प्रस्तावकों में से एक हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नामांकन दाखिल करने के लिए दिल्ली नहीं आए। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुमार का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है, क्योंकि इस पद के लिए किसी और के नामांकन दाखिल करने की संभावना नहीं के बराबर है। जद(यू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 22 मार्च है, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 24 मार्च है। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच 23 मार्च को की जाएगी।

उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "यदि कोई अन्य उम्मीदवार नामांकन दाखिल करता है, तो मतों की गिनती 27 मार्च को होगी। अब तक केवल एक (नीतीश कुमार का) नामांकन दाखिल हुआ है।" राजीव रंजन सिंह के दिसंबर 2023 में पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद कुमार ने 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले जद(यू) की कमान संभाली।
