BJP का आरोप, बिहार में अपराध पर लगाम लागने में विफल रहे नीतीश

Tuesday, Apr 04, 2017 - 07:28 PM (IST)

पटना: भाजपा ने नीतीश सरकार पर बिहार में तेजी से बढ़ रहे अपराध पर लगाम लागने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि राज्य में हालात इतने बदतर हो गए हैं कि सात निश्चय पर हत्या, अपहरण, चोरी, डकैती, बलात्कार, भ्रष्टाचार और सामाजिक विद्वेष का कब्जा हो गया है। बिहार विधानसभा लोकलेखा समिति के सभापति और भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को समेट कर और उसकी ही धनराशि की बदौलत खड़ा किए गए सात निश्चय का ढांचा भरभरा कर गिर गया है, जिससे पूरा बिहार तबाह हो रहा है।  

पुलिस अधिकारी के बंगले भी सुरक्षित नहीं
यादव ने कहा कि राज्य में हालात इतने बदतर हैं कि कहीं महागठबंधन के समर्थक गोलीबारी कर रहे हैं तो कहीं पुलिस बल पर ही हमला हो रहा है। एक दर्जन से अधिक पेट्रोल पम्प लूट के शिकार हो चुके हैं। चोरों का उत्पात इस कदर है कि अब बड़े पुलिस अधिकारी के बंगले भी सुरक्षित नहीं। सत्ता संरक्षित अपराधियों ने राज्य में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और उनका मनोबल सातवें आसमान पर है। मुख्यमंत्री का ‘कानून अपना काम करेगा’ का जुमला मखौल बनकर रह गया है। भाजपा नेता ने कहा कि अपराधियों के तार सत्ता से जुड़े रहने के कारण पुलिस प्रशासन का मनोबल भी गिरा है। इसका नतीजा है कि वरीय पुलिस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की ओर टकटकी लगाए बैंठे हैं तो कुछ विशेष जांच दल (एसआईटी) से अलग होने की कोशिश में जुटे हैं। 

Advertising