निर्भया की मां को उम्मीद, इस बार होगी दोषियों को फांसी

Monday, Feb 17, 2020 - 07:21 PM (IST)

नई दिल्लीः निर्भया की मां ने सोमवार को उम्मीद जतायी कि उनकी बेटी के बलात्कार और हत्या मामले के चारों दोषियों को तीन मार्च को फांसी दे दी जाएगी। अदालत ने दोषियों को फांसी की सजा के लिए तीन मार्च की तारीख तय की है। इससे पहले दो बार मौत संबंधी वारंट पर रोक लगा दी गयी थी। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि आदेश (मृत्यु वारंट) का आखिरकार पालन किया जाएगा।" इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने चारों दोषियों को तीन मार्च को सुबह छह बजे फांसी दिए जाने का नया वारंट जारी किया।

यह तीसरा मौका है कि मुकेश कुमार सिंह (32), पवन गुप्ता (25), विनय कुमार शर्मा (26) और अक्षय कुमार (31) के खिलाफ मृत्यु वारंट जारी किया गया है। पहले दो बार वारंटों को पालन नहीं किया जा सका क्योंकि दोषियों ने उपलब्ध कानूनी और अन्य विकल्पों का उपयोग नहीं किया था।

कोर्ट ने जारी किया नया डैथ वारंट
गौरतलब है कि  दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को निर्भया मामले के चार दोषियों को फांसी देने लिए तीन मार्च की तारीख मुकर्रर कर दी। उन्हें सुबह छह बजे फांसी दी जाएगी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र राणा ने चारों दोषियों -मुकेश कुमार सिंह (32), पवन गुप्ता (25), विनय कुमार शर्मा (26) और अक्षय कुमार (31) को फांसी देने के लिए नए मृत्यु वारंट जारी किए हैं।

दिल्ली की अदालत दोषियों के लिए मौत के नए फरमान जारी करने की मांग करने वाली दिल्ली सरकार और निर्भया के माता-पिता की याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। दरअसल उच्चतम न्यायालय ने अधिकारियों को यह स्वतंत्रता दी थी कि वे दोषियों को फांसी देने के लिए नए मृत्यु वारंट जारी करने के लिए निचली अदालत से गुहार लगा सकते हैं।

सबसे पहले फांसी देने की तारीख 22 जनवरी तय की गई थी। लेकिन 17 जनवरी के अदालत के आदेश के बाद इसे टालकर एक फरवरी सुबह छह बजे किया गया था। फिर 31 जनवरी को निचली अदालत ने अगले आदेश तक चारों दोषियों की फांसी की सजा पर रोक लगा दी थी। निर्भया मामले के चारों दोषी तिहाड़ जेल में बंद हैं।

 

Yaspal

Advertising