निर्भया गैंगरेप के दोषी विनय शर्मा ने की जेल में आत्महत्या की कोशिश

punjabkesari.in Thursday, Aug 25, 2016 - 11:39 AM (IST)

नई दिल्ली: निर्भया गैंगेरेप मामले के एक दोषी विनय शर्मा ने बुधवार को तिहाड़ जेल में आत्महत्या का प्रयास किया। उसे दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह तिहाड़ में जेल नंबर-8 में बंद था। उसने गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी राम सिंह ने भी मार्च 2013 में तिहाड़ जेल में आत्महत्या कर ली थी।


राम सिंह ने जेल नंबर-3 में लगाई थी फांसी
निर्भया गैंगेरेप मामले के मुख्य आरोपी राम सिंह ने भी तिहाड़ में ही आत्महत्या कर ली थी। राम सिंह का शव 11 मार्च 2013 को तिहाड़ जेल के सेल में फंदे से लटका मिला था। राम सिंह ने कोर्ट में पेशी से ठीक पहले सुबह 5 बजे तिहाड़ जेल में खुदकुशी कर अपनी जान दे दी थी। वह जेल नंबर-3 में बंद था। उसने जेल में लगी ग्रिल में अपनी शर्ट और दरी का फंदा बनाकर जान दी थी। सिंह की खुदकुशी के बाद जेल प्रशासन पर कैदियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे, वहीं अब विनय की कोशि‍श ने एक बार फिर जेल प्रबंधन को निशाने पर ला दिया है।

कोर्ट ने सुनाई सजा-ए-मौत
साल 2012 में 16 दिसंबर की रात चलती बस में गैंगरेप के मामले में कुल 6 आरोपी थे। राम सिंह की मौत के बाद मामले में बाकी पांच को दोषी पाया गया। पांच में एक नाबालिग दोषी को छोड़कर बाकी चार को सजा-ए-मौत का हुक्म दिया गया है। विनय शर्मा ने अन्य तीन दोषियों मुकेश, पवन और अक्षय कुमार सिंह के साथ दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का रूख किया था। उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के मौत की सजा के फैसले को बरकरार रखते हुए इस मामले को विरल से विरलतम की श्रेणी में रखा था।


रिहा हो चुका है नाबालिग दोषी
राम सिंह की मौत के बाद मामले में बाकी पांच को दोषी पाया गया। पांच में एक नाबालिग दोषी को मौजूदा कानून के तहत तीन साल के लिए बाल सुधार गृह भेजा गया था, उसे बीते साल दिसंबर में रिहा किया गया।


दोषियों मिल रही कर्मों की सजा
विनय शर्मा के सुसाइड करने की खबर पर इस बीच, निर्भया की मां ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोषियों को उनके कर्मों की सजा मिल रही है।

गौरतलब है कि 16 दिसंबर 2012 को छह लोगों ने मुनिरका से बस पर अपने साथी के साथ निजी बस में सवार हुई पैरामैडीकल की 23 वर्षीय छात्रा का चलती बस में सामूहिक बलात्कार किया था और उसे गंभीर हालत में बस से फेंक दिया था। इस घटना के बाद देशभर में जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन हुए थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News