हिमपात के कारण देश से कटी कश्मीर घाटी, तीन सौ किलोमीटर लंबा NH बंद

Friday, Jan 11, 2019 - 12:35 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोडऩे वाला राष्ट्रीय राजमार्ग भारी हिमपात के कारण शुक्रवार को बंद हो गया।  यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने  बताया कि गुरुवार रात से हो रहे हिमपात के कारण 300 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया। जवाहर सुरंग के दोनों ओर, बनिहाल और शैतान नालाह के पास लगभग 10 इंच हिमपात हुआ है। 


उन्होंने बताया कि राजमार्गों की देखरेख के लिए जिम्मेदार सीमा सडक़ संगठन ने अत्याधुनिक मशीनों और कर्मचारियों को बर्फ साफ करने के काम में लगा दिया है हालांकि लगातार हो रहे हिमपात के कारण बर्फ साफ करने के काम में मुश्किलें आ रही हैं।  लद्दाख राजमार्ग और ऐतिहासिक मुगल रोग कई फुट बर्फ जमे होने के कारण पिछले एक माह से अधिक समय से बंद है।

पांच सौ अधिक ट्रक फंसे
 अधिकारी ने बताया कि रास्ता साफ होने के बाद पहले रामबन, रामसू, चंदरकोट और अन्य स्थानों पर खड़े 500 से अधिक ट्रकों और अन्य वाहनों को कश्मीर घाटी की ओर रवाना कर दिया जाएगा। इसके बाद ही नये वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी।  सडक़ साफ होने और सभी फंसे हुए वाहनों के निकल जाने के बाद कश्मीर से जम्मू के लिए भी यातायात खोल दिया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा बलों के काफिले समेत जम्मू से आ रहे किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस बीच रामबन और कुछ अन्य जगहों से रिपोर्ट मिली है कि राजमार्ग पर कुछ यात्री वाहन भी फंसे हुए हैं। कई यात्रियों ने  पर बातचीत की और अपनी व्यथा सुनायी।

यात्रियों ने गाडिय़ों में गुजारी रात
 कई यात्रियों ने बताया कि उन्होंने अपने वाहनों में सो कर रात गुजारी। बच्चों और महिलाओं को भी ऐसे ही रात गुजारनी पड़ीं। यहां तक कि उन्हें खाना भी नसीब नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यात्री वाहन ऐसी जगहों पर रोकने चाहिए जहां होटल और ढाबा मौजूद हों। काजीगुंड और अन्य स्थानों पर जम्मू की ओर जा रहे कई वाहन खड़े हैं। राजमार्ग पर पिछले एक वर्ष से अधिक समय से केवल एकतरफा यातायात की अनुमति है ताकि सडक़ जाम नहीं हो।  

Monika Jamwal

Advertising