''कांग्रेस के नए अध्यक्ष शतरंज के खेल में ‘प्यादे'' की तरह, जो राजा को बचाने का काम करते हैं''

Saturday, Oct 22, 2022 - 08:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत पाटिल ने शनिवार को दावा किया कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शतरंज के खेल में ‘प्यादे' की तरह हैं जो राजा को बचाने का काम करते हैं। पाटिल ने यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया कि खड़गे को कांग्रेस पार्टी की छवि सुधारने और इसके पतन को रोकने के लिए नए अध्यक्ष के रूप में चुना गया है।

उन्होंने कहा कि चूंकि खड़गे में संगठनात्मक कौशल की कमी है, इसलिए उनमें पार्टी निर्माण के लिए आवश्यक गुण नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए, वह देशवासियों को कांग्रेस की ओर आकर्षित नहीं कर सकते, लोगों की समस्याओं को हल नहीं कर सकते और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भी नहीं तोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह केवल संसद हॉल में ही अच्छा बोल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि खड़गे की अध्यक्षता के दौरान, पार्टी को उतना लाभ नहीं होगा जितना होना चाहिए। उन्होंने बताया कि उनके बुढ़ापे के कारण, वह देश भर में ज्यादा दौरा नहीं कर पाएंगे। आईएसी प्रमुख ने कहा कि चूंकि उनका पार्टी के भीतर ज्यादा प्रभाव नहीं है, इसलिए वह एक ग्रामीण की तरह पार्टी अध्यक्ष का पद संभालेंगे। उन्होंने दावा किया कि नतीजतन सोनिया गांधी और राहुल गांधी खड़गे के कंधे पर बंदूक रखकर कार्यभार संभालेंगे।

rajesh kumar

Advertising