अमरनाथ यात्रा के बाद जम्मू कश्मीर को मिल सकती है नई सरकार और नये राज्यपाल

Friday, Jul 06, 2018 - 05:35 PM (IST)

 जम्मू: भाजपा और पीडीपी गठबंधन सरकार टूटने के बाद जहां फिर से चुनाव होने की संभावनाएं जताई जा रहीं थी वहीं अब फिर से गठजोड़ की सरकार के क्यास लगाए जा रहे हैं। उम्मीद है कि अमरनाथ यात्रा संपन्न होने के बाद जम्मू कश्मीर में फिर से सरकार बन सकती है। सिर्फ यही नहीं बल्कि यात्रा के बाद जम्मू कश्मीर को नया गवर्नर भी मिल सकता है। इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा पीडीपी के बागी विधायकों को जोडक़र सरकार बन सकती है।


गौरतलब है कि 19 जून को भाजपा ने पीडीपी गठबंधन सरकार से समर्थन वापिस ले लिया था और उसके बाद जम्मू कश्मीर में गवर्नर रूल लगा दिया गया। यहां तक बात गवर्नर की है तो जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एन एन वोहरा का कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। सरकार के गठजोड़ के लिए भाजपा के शीर्ष नेता भी राज्य का दौरा कर रहे हैं। हाल ही में राम माधव ने राज्य का दौरा किया।

भाजपा कर रही है जोड़तोड़
अमरनाथ यात्रा 26 अगस्त को समाप्त हो रही है। सूत्रों के अनुसार यात्रा के फौरन बाद पार्टी सरकार बनाने की कोशिश कर सकती है। पार्टी नेता इस बात की पूरी कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने बैठकें भी शुरू कर दी हैं।


पीडीपी के बागी एमएलए
भाजपा के इरादे इसलिए भी मजबूत दिख रहे हैं क्योंकि पीडीपी के कई एमएलए महबूबा से नाराज हैं और पार्टी के खिलाफ हो गये हैं। यह एमएलए भाजपा के संपर्क में हैं। वहीं कांग्रेस के भी तीन विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। पांच निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी पार्टी को है।

 


कितना बहुत 
जम्मू कश्मीर में सरकार बनाने के लिए भाजपा को 44 का बहुमत चाहिये। भाजपा के पास 25 विधायक हैं। पीडीपी के 14 बागी एमएलए भी भाजपा के साथ हो सकते हैं। आजाद विधायकों को साथ मिलाकर भाजपा सरकार बनाने का मकसद पूरा कर सकती है।


हो सकता है हिन्दू सीएम
अगर भाजपा फिर सत्ता में आती है तो जम्मू कश्मीर के इतिहास में बड़ा चमतकार हो सकता है। राज्य को हिन्दू सीएम मिल सकता है। संघ का भी सपना रहा है कि जम्मू कश्मीर में हिन्दू सीएम हो। भाजपा के सभी विधायक जम्मू से हैं।

 

अमित शाह ने खेली है दमदार पारी
अमित शाह ने सरकार टूटने के बाद जम्मू कश्मीर का दौरा किया। उन्होंने रैली में पीडीपी के खिलाफ जमकर जहर उगला और लोगों को इस बात का भरोसा दिलाया कि भाजपा जम्मू हित में है। उन्होंने कई ऐसे वादे और घोषणाएं भी की जिसका वोट बैंक पर असर पड़ेगा।

Monika Jamwal

Advertising