दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने संभाला कार्यभार, पुलिस बल ने दिया ‘गार्ड ऑफ ऑनर''

Monday, Aug 01, 2022 - 01:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी संजय अरोड़ा ने सोमवार को दिल्ली पुलिस के आयुक्त पद का कार्यभार संभाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अरोड़ा के यहां जय सिंह मार्ग स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर पुलिस बल ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर' दिया। अरोड़ा इससे पहले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे।

 

1984 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश अस्थाना की सेवानिवृत्ति होने के बाद केंद्र सरकार ने 57 वर्षीय अरोड़ा को रविवार को दिल्ली पुलिस का आयुक्त नियुक्त किया था। दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करती है और इसके अधिकारी अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) काडर से होते हैं। अरोड़ा ने तमिलनाडु पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) के पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दी हैं, जिसका गठन चंदन तस्कर वीरप्पन को पकड़ने के लिए किया गया था।

 

इस कार्यकाल के दौरान उन्हें बहादुरी के लिए मुख्यमंत्री के वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। उन्होंने 2002 और 2004 के बीच कोयंबटूर के पुलिस आयुक्त के रूप में कार्य किया। अरोड़ा को पिछले साल अगस्त में ITBP का महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया था। उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) में भी अपनी सेंवाए दीं।

Seema Sharma

Advertising