शुगर और मोटापे का इलाज अब होगा सस्ता, लॉन्च हुआ कम कीमत वाला सेमाग्लूटाइड इंजेक्शन

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 04:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क : भारत में अब सेमाग्लूटाइड (Semaglutide) इंजेक्शन कम कीमत पर उपलब्ध होने जा रहे हैं। यह दवा मोटापा कम करने और टाइप-2 डायबिटीज को नियंत्रित करने में काफी प्रभावी मानी जाती है। ग्लोबल स्तर पर इस दवा को 'ओजेम्पिक' (Ozempic) के नाम से भी जाना जाता है।

पेटेंट खत्म होते ही कंपनियों ने लॉन्च किए विकल्प

असली दवा का पेटेंट समाप्त होते ही भारतीय फार्मास्युटिकल कंपनियों ने इसके जेनरिक और किफायती विकल्प बाजार में पेश कर दिए हैं। प्रमुख कंपनियों में Sun Pharmaceutical Industries, Zydus Lifesciences और Dr. Reddy's Laboratories शामिल हैं। इससे पहले Natco Pharma भी ऐसे प्रोडक्ट्स लॉन्च कर चुकी है।

सस्ते ब्रांड और कीमतें

सन फार्मा ने इस दवा को दो अलग-अलग ब्रांड नामों से बाजार में उतारा है—

  • नोवेलट्रीट (NovelTreat) : यह लंबे समय तक वजन नियंत्रित करने के लिए है।
  • सेमेट्रिनिटी (Semetrinity) : यह खासतौर पर टाइप-2 डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए है।

इनकी कीमतें भी अलग-अलग रखी गई हैं। नोवेलट्रीट की साप्ताहिक लागत लगभग ₹900 से ₹2000 के बीच है, जबकि सेमेट्रिनिटी की कीमत ₹750 से ₹1300 प्रति सप्ताह तक हो सकती है। जाइडस लाइफसाइंसेज ने अपने प्रोडक्ट्स मल्टी-डोज पेन के रूप में लॉन्च किए हैं, जिन्हें SEMAGLYN, MASHEMA और ALTERME नाम से बेचा जा रहा है। कंपनी के अनुसार, इनकी मासिक लागत लगभग ₹2,200 तक होगी।

सेमाग्लूटाइड क्या है?

सेमाग्लूटाइड एक आधुनिक दवा है, जो GLP-1 रिसेप्टर एगोनिस्ट नामक दवाओं के समूह में आती है। यह शरीर में मौजूद एक प्राकृतिक हार्मोन GLP-1 की तरह काम करती है, जो भूख और ब्लड शुगर को नियंत्रित करता है।

शरीर पर कैसे काम करती है यह दवा?

सेमाग्लूटाइड का असर शरीर के कई महत्वपूर्ण कार्यों पर पड़ता है:

  • यह शरीर में इंसुलिन के उत्पादन को बढ़ाने में मदद करती है

  • ब्लड शुगर के स्तर को कम करती है

  • भूख को नियंत्रित करती है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है

  • पाचन प्रक्रिया को धीमा करती है, जिससे खाने के बाद शुगर तेजी से नहीं बढ़ती

मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण

कम कीमत पर उपलब्ध होने के कारण अब अधिक लोगों के लिए यह दवा सुलभ हो सकेगी। खासकर उन मरीजों के लिए, जो डायबिटीज और मोटापे से जूझ रहे हैं, यह एक प्रभावी और किफायती विकल्प साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे भारत में इस तरह की दवाओं की पहुंच और उपयोग दोनों बढ़ेंगे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News