NEPAL FLOODS: नेपाल में बाढ़ से ओडिशा के 2 लोग लापता, नहीं मिल रहा सुराग, फुटबॉल टीम सुरक्षित

punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 01:26 PM (IST)

भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार के अधिकारियों ने वीरवार को बताया कि नेपाल गए ओडिशा राज्य के दो लोग बाढ़ के कारण लापता हो गए हैं, जबकि राज्य की छह सदस्यीय फुटबॉल टीम सुरक्षित है। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले और मूल रूप से खुर्दा जिले के निवासी संदीप महापात्रा और सिद्धार्थ कुमारी साहू 22 अगस्त को नेपाल गए थे। राज्य सरकार ने बताया कि उनके मोबाइल फोन बंद हैं और उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।

संदीप की बहन से मिली जानकारी इकट्ठा कर ली गई है और उन्हें खोजने में मदद के लिए विदेश मंत्रालय के साथ साझा की गई है। इस बीच, पुरी के रहने वाले राकेश कुमार पांडा और दो अन्य लोग, जो नेपाल गए थे, सुरक्षित हैं और रक्सौल बॉर्डर पार करके भारत आ गए हैं। ओडिशा की छह सदस्यीय फुटबॉल टीम, जिसके साथ कोच हलीम भी थे, एक फुटबॉल मैच में हिस्सा लेने के लिए पोखरा गई थी। कोच ने पुष्टि की है कि नेपाल में सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं।

मुसीबत में फंसे ओडिशा के लोगों की मदद के लिए नई दिल्ली स्थित ओडिशा निवास में 24x7 कंट्रोल रूम बनाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, संपर्क विवरण इस प्रकार हैं: 91-7428135044/852780245 और लैंडलाइन- 011-23012807।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra