नेपाल की भारत के साथ डर्टी गेमः बहाने से सील की भारतीय सीमा, सशस्त्र बल किए तैनात

Monday, Jun 01, 2020 - 01:41 PM (IST)

काठमांडूः चीन के उकसावे में आकर नेपाल अब भारत के साथ ड्रटी गेम पर उतर आया है। लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा को लेकर जारी सीमा विवाद के बीच नेपाल ने कोरोना वायरस के बहाने भारत के साथ अपनी सीमा सील कर दी है। यही नहीं जगह-जगह चेकपोस्ट लगा दिए हैं और सशस्त्र बलों को भी तैनात कर दिया। इसके अलावा सीसीटीवी से आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है।

सीमा विवाद के चलते नेपाल और भारत के बीच राजनीति गरमाई हुई है और नेपाल सरकार देश के नए नक्शे को संवैधानिक दर्जा दिलाने की कोशिश में लगी है। दरअसल, चीन  भारत को नेपाल के साथ उलझा कर अपना उल्लू सीधा करना चाह रहा है। कोरोनो को लेकर घिरा चीन जानबूझ कर सीमा विवाद में दुनिया को उलझा कर अपने गुनाहों को छुपाने की कोशिश कर रहा है और नेपाल को मोहरा बना कर चाल चल रहा है। गौरतलब है कि भारत और नेपाल की सीमा में कई जगहों पर लोगों को आने-जाने में ढील है। हालांकि, पिछले हफ्तों में कई बार प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली खुले तौर पर कह चुके हैं कि भारत से अवैध तरीके से दाखिल होने वाले लोगों से देश में कोरोना वायरस फैलने का खतरा ज्यादा है ।

इस बीच नेपाल के उच्चपदस्थ अधिकारी ने बताया है कि इसी कारण भारत-नेपाल सीमा को सील किया गया है। अधिकारी ने बताया है कि ऐसी जगहों पर APF स्शस्त्र बलों की तैनाती कर दी गई है और चेकपोस्ट बनाए गए हैं। नेपाली नागरिकों समेत भारत से आने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही है। उन्हें क्वारंटाइन होने को भी कहा जा रहा है। कुछ जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। इससे पहले मार्च में भी नेपाल ने चीन और भारत के साथ अपनी सीमाओं को इसी वजह से सील कर दिया था।

बता दें कि भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद लिपुलेख, लिंपियाधुरा और कालापानी पर अधिकार को लेकर पिछले कई दिनों से जारी है। भारत ने लिपुलेख में मानसरोवर लिंक रोड बनाई थी जिस पर नेपाल ने आपत्ति जताई। यहां तक कि नेपाल ने अपना नया नक्शा भी जारी कर दिया जिसमें इन तीनों को जगहों को अपने देश का हिस्सा दिखाया गया था। अभी तक इस नक्शे को संवैधानिक मंजूरी नहीं मिली है।  इससे संबंधित संविधान संशोधन विधेयक रविवार को नेपाली संसद में पेश किया गया। भारत ने नेपाल के इस कदम पर सख्त नाराजगी जताई है। नेपाल को कड़ा संदेश देने के लिए भारत अब इस मुद्दे पर नेपाल को चीन की ही चाल से घेरना चाहता है।

Tanuja

Advertising