धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर नेहा सिंह राठौर का तंज: बोलीं- ''अगला नंबर अब इथेनॉल वाले का'', सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 09:55 PM (IST)

नई दिल्ली: भोजपुरी लोक गायिका और अपने राजनीतिक व्यंग्यों के लिए मशहूर नेहा सिंह राठौर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। नेहा सिंह राठौर के ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिस पर समर्थकों और विरोधियों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है।

'अगला नंबर इथेनॉल वाले का है'
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर आते ही नेहा सिंह राठौर ने तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "अभी-अभी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो गया है। अगला नंबर इथेनॉल वाले का है। ऐसा कोई कह रहा था।" उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। इसके साथ ही उन्होंने तंज भरे लहजे में यह भी कहा कि "NDA सरकार में भी इस्तीफ़े होते हैं!"

राम मंदिर के चढ़ावे पर भी उठाए सवाल
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अपनी बात जारी रखते हुए नेहा ने एक और पोस्ट में गंभीर सवाल खड़ा किया। उन्होंने लिखा, "धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफ़ा दे दिया है, तो क्या अब हम राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के बारे में बात करें?" नेहा के इन बयानों के बाद विपक्ष के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

सोशल मीडिया पर दो गुटों में बंटे लोग
नेहा सिंह राठौर की इन टिप्पणियों ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है। जहां एक तरफ उनके प्रशंसक इसे सरकार पर एक सटीक राजनीतिक व्यंग्य बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग उनके बयानों की आलोचना भी कर रहे हैं।

कौन हैं नेहा सिंह राठौर?
बिहार के कैमूर जिले की रहने वाली नेहा सिंह राठौर अपने गीतों के जरिए महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सवाल उठाने के लिए जानी जाती हैं। उनके गीत 'बिहार में का बा?' और 'UP में का बा?' सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रहे हैं। वह अपने धारदार व्यंग्य और लोक संगीत के माध्यम से अक्सर सरकार की नीतियों पर निशाना साधती रहती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News