NEET UG 2026 का रिजल्ट घोषित : 11.21 लाख स्टूडेंट्स क्वालिफाई, पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 05:23 AM (IST)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने गुरुवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट- यूजी) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। एनटीए ने कहा कि नीट (यूजी) 2026 का परिणाम समय पर जारी होने से मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश और काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ सकेगी। इस वर्ष देश-विदेश के लगभग 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की।

परीक्षा 21 जून को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी। एनटीए के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। शीर्ष स्थान हासिल करने वाले अधिकांश अभ्यर्थी पहली बार परीक्षा देने वाले तथा 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के हैं। इस वर्ष 138 उम्मीदवारों ने 690 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक अंक हासिल किय।

पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने संयुक्त रूप से 715 अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। एनटीए ने कहा कि उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक 1.7 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की। राज्यवार शीर्ष स्थान हासिल करने वालों में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो, अंडमान एवं निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी तथा लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस शामिल हैं। एनटीए ने सामान्य, ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस तथा अन्य सभी श्रेणियों के टॉपर्स और कट-ऑफ अंक भी जारी किये हैं।

एनटीए ने बताया कि अंतिम उत्तर कुंजी और परिणाम 16 जुलाई को जारी किए गये। अभ्यर्थियों को सलाह दी गयी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों के माध्यम से ही काउंसलिंग संबंधी जानकारी प्राप्त करें और किसी भी प्रकार के फर्जी कॉल, संदेश या सीट दिलाने के झांसे में न आएं। ऑल इंडिया कोटा की एमबीबीएस और बीडीएस काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) द्वारा तथा राज्य कोटा की काउंसलिंग संबंधित राज्य प्राधिकरणों द्वारा आयोजित की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News