सोनम वांगचुक, 6 जून को दिल्ली में Cockroach Janata Party के साथ मिलकर करेंगे बड़ा प्रदर्शन

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 07:24 AM (IST)

नई दिल्ली:  NEET और CBSE परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर देश के छात्रों और युवाओं के बीच 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने अपनी एक मजबूत पहचान बनाई जिस बीच अब इस लड़ाई में लद्दाख के मशहूर शिक्षा सुधारक और इनोवेटर सोनम वांगचुक की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने इस पूरे मामले के विरोध में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दे दिया है।

सोनम वांगचुक ने एलान किया है कि अगर सरकार ने 5 जून तक इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो वे 6 जून को दिल्ली की सड़कों पर उतरकर CJP के सदस्यों के साथ विरोध प्रदर्शन करेंगे।

सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक और कड़ा संदेश शेयर करते लिखा: "अगर हम नहीं तो कौन? और अब नहीं तो कब! अगर 5 जून तक हालात में सुधार नहीं हुआ, तो मैं 6 जून को दिल्ली में CJP के साथियों के साथ जुड़ रहा हूँ। जब व्यवस्था इतनी ज़्यादा बिगड़ जाए, तो किसी भी ज़िम्मेदार मंत्री को अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए। इस गड़बड़ी का असर देश के भविष्य और लाखों युवाओं की जिंदगी पर पड़ रहा है।"

 CBSE का चेयरमैन और सचिव हटाए गए
इस बढ़ते विवाद के बीच सरकार ने एक बड़ी कार्रवाई की है। CBSE मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता को उनके पदों से हटा दिया गया है। हालांकि, छात्र और प्रदर्शनकारी इतने से संतुष्ट नहीं हैं और उनका आंदोलन जारी है।

अमेरिका से भारत आ रहे CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके
इस आंदोलन को शुरू करने वाले 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके (जो फिलहाल अमेरिका में रह रहे हैं) ने भी भारत आने की घोषणा कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले ही इशारा कर दिया था कि इस आंदोलन से कोई बहुत बड़ी शख्सियत जुड़ने वाली है, जो कि अब सोनम वांगचुक के रूप में सामने आए हैं।

अभिजीत दिपके 6 जून की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर सभी छात्रों और समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से जुड़ने की अपील की है।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
अभिजीत दिपके ने साफ कहा कि अब समय आ गया है जब हमें संविधान के दायरे में रहकर एकजुट होना होगा। उन्होंने सीधे तौर पर देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News