चौकीदार मजबूत सरकार-देश के लिए मजबूत चौकीदार की जरूरत: मोदी

Tuesday, Apr 23, 2019 - 06:44 PM (IST)

बालेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजबूत सरकार और मजबूत देश के लिए मजबूत चौकीदार को जरूरी बताते हुए मंगलवार को लोगों से राज्य और केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में लाने के लिए उसके पक्ष में मतदान करने की अपील की। मोदी ने बस्ता में विजय संकल्प समावेश को संबोधित करते हुए कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आयी तो ‘सबकी सुरक्षा और सबका सम्मान' होगा। उन्होंने कहा कि चौकीदार सभी के जीवन को आसान और सुरक्षित बना रहा है।

उन्होंने कहा कि उन्हें स्पष्ट संकेत मिले हैं कि ओडिशा में कमल खिलेगा और अगली सरकार भाजपा की होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह जब तीन वर्ष पहले बालेश्वर आए थे, ओडिशा बदलाव के लिए पुकार रहा था। इस विजय संकल्प समावेश में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि ओडिशा में बदलाव होने जा रहा है। उन्होंने लोगों से भाजपा को राज्य की जनता की सेवा का एक मौका देने की अपील करते हुए वादा किया कि पांच वर्ष के लिए अवसर मिलने पर पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) के 19 वर्ष के कार्यकाल में हुए कामों का पांच गुना काम करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजद सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है और राज्य सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है जिसके परिणामस्वरूप ओडिशा में पर्याप्त विकास नहीं हो सका है। बीजद सरकार पर खनन और चिट फंड जैसे कई घोटालों में लिप्त रहने और गरीबों का धन लूटने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘हम भ्रष्टाचार और लाल फीताशाही के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध हैं। गरीबों को लूटने वालों को माफ नहीं किया जाएगा।'मोदी ने कहा कि बालेश्वर में कई पर्यटन स्थल हैं जिन्हें 20 वर्ष से अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार बनती है तो ओडिशा समृद्ध बनेगा।

उन्होंने देश हित के लिए महत्वपूर्ण उपग्रह निरोधक तकनीक को अनदेखा करने के लिए कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ‘मिशन शक्ति' की सफलता से भारत उपग्रह निरोधक तकनीक रखने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इस सफलता को गोपनीय रखना चाहती थी और उपस्थित जनसमूह से सवाल किया कि क्या सफलता को गुप्त रखा जाना चाहिए जिसके जवाब लोगों ने ‘ना' में दिया। 

shukdev

Advertising