दिल्ली में पारा 40 तक पहुंचने के करीब, पंजाब-हरियाणा में भारी बारिश व हिमाचल में ओरेंज अलर्ट

Friday, Jul 12, 2019 - 09:17 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली जुलाई महीने में भी अभी तक सूखी है। उत्तर भारत के लगभग कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है पर दिल्ली में उमस भरी गर्मी का प्रकोप जारी है। गुरुवार को दिल्ली का पारा सामान्य से चार डिग्री अधिक 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 57 फीसदी दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 और 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मानसून Updates

  • पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ सहित कुछ हिस्सों में आज बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अधिकारी ने यह जानकारी दी।
  • वीरवार सुबह हुई भारी बारिश के बाद चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री सैल्सियस नीचे चला गया और करीब 32 डिग्री सैल्सियस तक दर्ज किया गया। मोहाली, जालंधर, रूपनगर, पटियाला, लुधियाना, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर सहित दोनों ही राज्यों में अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सैल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
  • मौसम विभाग ने हरियाणा और पंजाब में शनिवार तक और अधिक बारिश होने की संभावना जताई है।
  • हिमाचल में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। हिमाचल में अगले 3 दिनों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ओरैंज अलर्ट जारी किया गया है।
  • पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ दिन से जारी मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 3 लोगों की मौत होने की आशंका है। राज्य का सिक्किम से संपर्क टूट गया है।
  • पिछले पांच दिनों से जारी मूसलाधार बारिश से मेघालय में कई स्थानों पर अचानक बाढ़ आ गई है और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। इसके कारण कई जगहों पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
  • कोल्हापुर में पिछले तीन से लगातार हो रही बारिश से सिंचाई के तीन बांध पूरी तरह भर गये और पानी ऊपर से बह रहा है। घाटप्रभा, जांभारे और कोडे बांध पूरी तरह भरने के बाद अब ऊपर से पानी बह रहा है। इसके अलावा भी कई छोटे बांध भर गए हैं।
  • उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान हुई वर्षा से प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है।

Seema Sharma

Advertising