आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में लौटेगा NDA: राजनाथ सिंह

Thursday, Mar 14, 2024 - 07:39 PM (IST)

 

नेशनल डेस्क: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज असम के दौरे पर रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को दावा किया कि यह तय है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में लौटेगा। असम में राजग के तीन सहयोगी दलों-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम गण परिषद (अगप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरेशन (यूपीपीएल) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

400 से अधिक सीटें जीतेगा NDA
रक्षा मंत्री ने कहा कि यदि नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में लौटती है तो राज्य में एक भी कच्चा मकान नहीं होगा तथा सभी के पास पक्के मकान होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘इस बात में रत्ती भर संदेह नहीं है कि केंद्र में हमारी ही सरकार बनेगी। मुझे विश्वास है कि राजग 400 से अधिक सीटें जीतेगा।''

गरीबों को पक्के मकान दिये
राजनाथ सिंह ने यह भी दावा किया कि न केवल भारत, बल्कि समूची दुनिया लोकसभा चुनाव के संभावित परिणाम के बारे में जानती है और उन्होंने पहले ही मान लिया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर सरकार बनायेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के जीवन में बहुत बड़ा सुधार किया है तथा उन्हें पक्के मकान दिये गये हैं।

rajesh kumar

Advertising