279 सीटों के साथ दोबारा NDA सरकार की संभावना, कांग्रेस के खाते में 149 सीट: सर्वे

Tuesday, Apr 09, 2019 - 10:57 AM (IST)

नई दिल्ली: देश में अभी चुनाव हों तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को बहुमत हासिल हो सकता है। टाइम्स नाउ और वीएमआर के ओपिनियन पोल में यह दावा किया गया है।



सर्वे के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग को 279 सीटें मिल सकती हैं। दक्षिण में कांग्रेस को अच्छे फायदे के साथ पार्टी को कुल 149 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। अन्य दल 115 सीट जीत सकते हैं।



चैनल के अनुसार यह सर्वे 22 मार्च से 4 अप्रैल के बीच देश भर में 960 जगह किया गया। कुल 14301 मतदाताओं की राय ली गई। तमिलनाडु में भाजपा का वोट शेयर बढऩे की बात कही गई है मगर जयललिता की अनुपस्थिति में यह सीटों में बदलता नहीं दिख रहा है। यहां कांग्रेस और उसके सहयोगी 33 सीटों पर जीतते दिख रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के वायनाड से चुनाव लडऩे का असर केरल में दिख रहा। 



कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ कुल 20 में 17 सीटें तक जीत सकता है। उत्तर प्रदेश में भाजपा को 23 सीटों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। यहां कांग्रेस को तीन व महागठबंधन को 27 सीटें मिल सकती हैं। ओडिसा में भाजपा 1 सीट से 12 सीट पर पहुंचती दिख रही है। पश्चिमी बंगाल में भाजपा को इस बार 7 सीट का फायदा हो सकता है और वह 9 सीटें जीत सकती है। यहां कांग्रेस को 2 और तृणमूल को 3 सीटों के नुकसान का अनुमान है। असम में भाजपा और कांग्रेस सहयोगी दोनों को एक एक सीट का फायदा हो सकता है। 

Anil dev

Advertising