''आजादी के बाद भारत के सबसे लोकप्रिय नेता हैं PM मोदी''

Tuesday, Apr 11, 2017 - 05:20 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्र में सत्तारूढ़ राजग ने दावा किया है कि हाल में कुछ राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन से स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आजादी के बाद भारत के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं।  कल रात हुई सत्तारूढ़ गठबंधन की बैठक में शिवसेना समेत राजग के 32 घटक दलों ने प्रस्ताव पारित किया। बैठक में चार राज्यों में भाजपा की सफलता के लिए केंद्र सरकार की गरीबोन्मुखी और जन कल्याण योजनाआें को श्रेय दिया गया। 

हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शानदार जीत दर्ज की और गोवा एवं मणिपुर में स्थानीय दलों के सहयोग से सरकार बनाने में सफल रही। कांग्रेस हालांकि इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधती रही है। हाल के चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का दावा रहा है कि मोदी आजादी के बाद देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।   

शाह के बयान पर राजग के घटक दलों की मुहर से यह स्पष्ट हो गया है कि सत्तारूढ़ गठबंधन साल 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी के नेतृत्व में जीत हासिल करने को उत्सुक है। प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘ इस जनादेश ने मोदी को स्वतंत्रता के बाद लोगों के मन में सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित किया है। ’’ इसमें कहा गया है कि भारत मोदी के अभूतपूर्व नेतृत्व में शीर्षस्थ विकाशील अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। आर्थिक विशेषज्ञों और संस्थाआें ने इस महान उपलब्धि को स्वीकार किया है। 

Advertising