नैकां विधायक के बिगड़े बोल : कहा- आतंकी हमारे भाई हैं

Tuesday, May 08, 2018 - 01:05 PM (IST)

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर नेशनल कान्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और सोनावारी विधानसभा सीट से विधायक मोहम्मद अकबर लोन ने आतंकवादियों को अपना भाई करार दिया है। उन्होंने शोपियां में सिविल नागरिकों की हत्या और आतंकियों की मौत पर दुख प्रकट किया। पत्रकारों से बात करते हुए लोन ने कहा, आतंकी भी हमारे भाई जैसे हैं और हत्या सिविल नागरिक की हो या आतंकी की, उसकी निंदा होनी चाहिए। हत्या को जस्टिफाई नहीं की जा सकता है। 


विधायक अकबर लोन ने कहा कि हत्या से किसी समस्या का समाधान नहीं होगा। कश्मीर के लोग आजादी चाहते हैं। कश्मीर की स्थिति काफी गंभीर है। सिविल नागरिकों की तरह ही आतंकी भी हमारे भाई हैं। सरकार पर हमला करते हुए लोन ने कहा कि सरकार इन्सानी मौतों के दर्द को समझ नहीं रही है। हत्या कश्मीर मसले का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली को वार्ता का रास्ते खोलने होंगे। कश्मीर समस्या विकास की समस्या नहीं है बल्कि इसका राजनीतिक हल होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और पीडीपी का गठबंधन कश्मीर में विवादों का जन्मदाता है।


कश्मीर को हल चाहिए, नौकरी नहीं
कश्मीर यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर के आतंकी बनने और मरने पर लोन ने कहा कि यह उन लोगों को जवाब है जो कश्मीर में नौकरियां बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर फ्रंट पर फेल हुई है। लोन ने कहा कि जब पढ़ा लिखा युवा बंदूक उठाता है तो उन सबको समझ जाना चाहिए जो बहरे बने बैठे हैं। कश्मीर आर्थिक समस्या नहीं है बल्कि राजनीतिक समस्या है और लोगों की उम्मीदों के अनुरूप इसका हल होना चाहिए।
 

Monika Jamwal

Advertising