VIDEO: नौसेना ने समुद्री डाकुओं के मंसूबों पर फेरा पानी, जहाज को किडनैप करने के प्रयास को किया विफल

Saturday, Mar 16, 2024 - 01:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय नौसेना ने सोमालिया के पूर्वी तट पर जहाजों के अपहरण के सोमालियाई समुद्री डाकुओं के एक प्रयास को विफल कर दिया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि समुद्री डाकू उस जहाज पर सवार थे जिसका करीब तीन महीने पहले अपहरण किया गया था। नौसेना ने कहा, ‘‘समुद्र में अपहरण के कृत्यों को अंजाम देने के लिए एमवी रुएन का समुद्री डाकुओं के जहाज के रूप में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी है। इस जहाज का 14 दिसंबर को सोमालिया के समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया था।''

15 मार्च को जहाज का पीछा किया
उसने बताया कि भारतीय नौसेना के एक युद्धपोत ने 15 मार्च को इस जहाज का पीछा किया। नौसेना ने बताया कि जहाज से युद्धपोत पर गोलीबारी की गई और भारतीय जहाज की ओर से आत्म रक्षा में और नौवहन तथा नाविकों को समुद्री डाकुओं के खतरे से बचाने के लिए आवश्यक न्यूतनम बल के साथ समुद्री डकैती से निपटने के वास्ते अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार कार्रवाई की गई।


नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘‘जहाज पर सवार समुद्री डाकुओं से आत्मसमर्पण करने तथा उनके द्वारा बंधक बनाए जहाज तथा नागरिक को रिहा करने का आह्वान किया गया।'' इसमें कहा गया है, ‘‘भारतीय नौसेना इस क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।'' 

 

rajesh kumar

Advertising