पंजाब कांग्रेस में कलह: आज दिल्ली में राहुल-प्रियंका गांधी से मुलाकात करेंगे नवजोत सिंह सिद्धू

Tuesday, Jun 29, 2021 - 11:29 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू आज दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात करेंगे। सिद्धू के कार्यालय द्वारा यह जानकारी दी गई। पंजाब की कांग्रेस इकाई में जारी घमासान के बीच सिद्धू पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने जा रहे हैं। राहुल गांधी पंजाब के पार्टी नेताओं से राज्य की राजनीतिक स्थिति और 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस को मजबूत करने संबंधी आवश्यक कदमों पर उनके विचार जानने के लिए बैठकें कर रहे हैं।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 25 जून को मंत्रियों ब्रह्म मोहिंद्र, विजय इंदर सिंगला, बलबीर सिंह सिद्धू और राज्यसभा सदस्य शमशेर सिंह दुल्लो और विधायक लखवीर सिंह लक्खा के साथ आमने-सामने की बैठक की थी।

राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ और राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा के साथ भी बैठक कर चुके हैं। साल 2019 में कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिद्धू और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के बीच तनातनी जारी है।

Seema Sharma

Advertising