बंगाल हिंसा पर नड्डा बोले- खून रंगे हाथों के साथ ममता ने शुरू किया तीसरा कार्यकाल

Wednesday, May 05, 2021 - 06:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद राज्य में हुईं हिंसा की घटनाओं को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नरसंहार हुआ, हत्याएं हुई और पूरे 36 घंटे ममता बनर्जी चुप रही। यह उनकी भागीदारी को बताता है। उनके (ममता बनर्जी) तीसरे कार्यकाल की शुरूआत उनके हाथ में लगे हुए खून के साथ हुई है। 

नड्डा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया और उनपर और उनके परिजनों पर हमले किए। उन्होंने खासतौर पर महिलाओं को निशाना बनाया। छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले बड़े पैमाने पर हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैं बंगाल में पार्टी समर्थकों की हत्या, महिलाओं के उत्पीडऩ की निंदा करता हूं। 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम चुनाव के प्रचार में जब कहते थे कि पश्चिम बंगाल में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं, तो हम सही थे। नड्डा ने कहा कि जिस तरह नरसंहार हुआ, क्रूरता से हत्याएं की गईं और जिस तरह कार्यकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 36 घंटे तक शांत रहीं, यह बताता है कि इसमें उनकी संलिप्तता है। भाजपा सभी कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है। हम ये लड़ाई बंगाल की जनता के लिए निर्णायक मोड़ तक लड़ेंगे। बंगाल में हर व्यक्ति इज्जत के साथ, निर्भय होकर रहे यह भाजपा का लक्ष्य है, इसे हम पूरा करेंगे।


 

Anil dev

Advertising