दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री इस हफ्ते आ सकते हैं भारत, कईं समझौते होने की उम्मीद
Monday, Mar 22, 2021 - 05:46 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उच्च स्तरीय वार्ता के लिए दक्षिण कोरिया (आरओके) के रक्षा मंत्री सुह वूक की इस हफ्ते भारत आने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा और समझौते होने की उम्मीद है। भारत और दक्षिण कोरिया ने विगत कई वर्षों में द्विपक्षीय संधियों और समझौतों के माध्यम से अपने संबंधों को नई ऊंचाई प्रदान की है। वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान दोनों देशों के मध्य स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बेहतर आपसी समन्वय देखने को मिला।
सेना प्रमुख जनरल मनोज दिसम्बर 2020 में गए थे दक्षिण कोरिया
इससे पहले सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे दिसम्बर, 2020 में पहली बार दक्षिण कोरिया के दौरे पर गए थे। सेना प्रमुख की यह यात्रा इस मायने में ऐतिहासिक रही है कि पहली बार भारत के सेना प्रमुख दक्षिण कोरिया के दौरे पर पहुंचे थे। नरवणे ने 28-30 दिसम्बर तक अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री सुह वूक, संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष वोन-चूल, रक्षा अधिग्रहण कार्यक्रम प्रशासन के प्रमुख कांग इउन-हो और उनके समकक्ष नाम येओंग-शिन के साथ मुलाकात करके आपसी हित के मामलों पर चर्चा की थी।