BJP की राह पर कांग्रेस!  क्या पंजाब में चलेगा गुजरात फॉर्म्युला?

Saturday, Sep 18, 2021 - 06:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पंजाब में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के तहत के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी विधायक दल की यहां पांच बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली आपात बैठक से पूर्व ही अमरिंदर ने यहां राजभवन में राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से सायं लगभग 4.35 बजे मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा और इसके साथ ही राज्य विधानसभा चुनावों से लगभग पांच माह पूर्व उनके मुख्यमंत्रित्वकाल का अंत हो गया। इसके बाद उनके पार्टी विधायक दल की बैठक में भाग लेने की सम्भावनाओं पर सवालिया निशान लग गया है। अमरिंदर का इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस के लिये एक बड़ा झटका है। वह प्रदेश में कांग्रेस का एक बड़ा चेहरा माने जाते हैं। वहीं अब सुनील जाखड़ ने इशारों में ट्वीट करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने बोल्ड फैसला लिया है। वहीं अब बड़ा सवाल यह है कि तो क्या चुनाव से कुछ महीने पहले अब पंजाब में कांग्रेस गुजरात बीजेपी वाला फॉर्म्युला अपनाने जा रही है। 

राहुल ने पंजाब कांग्रेस के झंझट को खत्म किया 
पंजाब में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक से पहले पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी ने पार्टी की राज्य इकाई में उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने का जो रास्ता अपनाया है उसने न सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया है, बल्कि अकाली दल की बुनियाद हिल गई है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘वाह राहुल गांधी, आपने बेहद उलझी हुई गुत्थी के पंजाबी संस्करण के समाधान का रास्ता निकाला है। आश्चर्यजनक ढंग से नेतृत्व के इस साहसिक फैसले ने न सिर्फ पंजाब कांग्रेस के झंझट को खत्म किया है, बल्कि इसने कार्यकर्ताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया है और अकालियों की बुनियाद हिला दी है।'' 



मुख्यमंत्री अमरिंदर और सिद्धू के बीच चल रही थी तनातनी
गौरतलब है कि कांग्रेस की पंजाब इकाई में जारी तनातनी के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देश पर शनिवार शाम राज्य के कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत ने शुक्रवार रात को इस बारे में घोषणा की। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बीच पिछले कई महीनों से चल रही तनातनी की पृष्ठभूमि में हो रही विधायक दल की इस बैठक की वजह से नेतृत्व परिवर्तन की भी अटकलें लग रही हैं, हालांकि अभी पार्टी की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है। 

Anil dev

Advertising