"नारी शक्ति" को सम्मान: मोदी सरकार में रिकॉर्ड संख्या में हुई महिला राज्यपाल नियुक्त

Friday, Jul 09, 2021 - 11:24 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के नाम यह एक अनूठा रिकॉर्ड कहा जाएगा। उनके नेतृत्व में विभिन्न राज्यों में अब तक सबसे अधिक संख्या में महिलाएं राज्यपाल बनाई गईं। 2014 से जब से भाजपा-नीत राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एन.डी.ए.) सत्ता में आया, 8 महिला राज्यपाल व उपराज्यपाल नियुक्ति की जा चुकी हैं। यह प्रधानमंत्री की नारी शक्ति को अधिक से अधिक अधिकार देने की संकल्पना के अनुरूप है। जिन महिलाओं के कंधों पर यह जिम्मेदारी डाली गई उनमें मृदुला सिन्हा, द्रौपदी मुर्मू, नजमा हेपतुल्ला, आनंदीबेन पटेल, बेबी रानी मौर्य, अनुसुइया उइके, तमिलिसाई सुंदरराजन एवं किरन बेदी के नाम हैं। ये महिला राज्यपाल समाज के अलग-अलग वर्गों से हैं। मुर्मू एक वरिष्ठ जनजातीय सामुदायिक नेता हैं तो नजमा हेपतुल्ला मुस्लिम समाज से हैं। मौर्य अनुसूचित जाति से सम्मानित नेता हैं तो उइके अनुसूचित जनजाति से हैं। सौंदर्यराजन ओ.बी.सी. नेता हैं। मोदी सरकार द्वारा नियुक्त की गई 8 में से 5 महिला राज्यपाल अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओ.बी.सी. और अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। 

मोरारजी देसाई ने 2 को बनाया था गवर्नर
1980 में मोरारजी देसाई सरकार ने शारदा मुखर्जी व ज्योति वैंकटचलम को राज्यपाल नियुक्त किया था। 

राजीव गांधी की सरकार में इस पद पर थीं 3 महिलाएं 
कांग्रेस व स्व. राजीव गांधी ने कुमुदबेन जोशी, रामदुलारी सिन्हा व सरला ग्रेवाल को इस पद पर बिठाया था। वी.पी. सिंह सरकार में चंद्रावती राज्यपाल बनाई गई थीं। कांग्रेस नेता एवं तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव ने शीला कौल व राजेंद्र कुमारी वाजपेयी को राज्यपाल नियुक्त किया था। 1996 व 1997 के बीच एच.डी. देवेगौड़ा सरकार ने फातिमा बीबी को राज्यपाल बनाया था। प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल ने वी.एस. रमादेवी को यह पद दिया था। भाजपा नेता एवं प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने कार्यकाल में रजनी राय को राज्यपाल नियुक्त किया था। 

पंडित नेहरू ने 3 महिलाओं को दिया था यह पद
पिछली सरकारों में भी महिलाओं को राज्यपाल बनाया जाता रहा है परंतु उनकी संख्या कम रही है। पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की सरकार में सरोजिनी नायडू, पद्मजा नायडू व विजयलक्ष्मी पंडित (नेहरू की सगी बहन) राज्यपाल बनाई गई थीं। 

मनमोहन सरकार में 6 महिलाएं बनी थीं राज्यपाल
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की संयुक्त जनतांत्रिक गठबंधन (यू.पी.ए.) सरकार में प्रतिभा पाटिल, प्रभा राव, माग्र्रेट अल्वा, कमला बेनीवाल, उर्मिला सिंह व शीला दीक्षित को राज्यपाल पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।   

Anil dev

Advertising