एक साथ परिवार की 8 अर्थियां उठीं तो हर कोई रो पड़ा, मौत से पहले मनाया था जिंदगी का आखिरी जन्मदिन

Thursday, Jan 28, 2021 - 12:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में परिवार की एक साथ 8 अर्थियां उठीं तो हर कोई रो पड़ा। मौत के कुछ घंटे पहले ही सफर में जिंदगी का आखिरी जन्मदिन मनाया गया था। राजस्थान के टोंक में तेज रफ्तार ट्रेलर और जीप की भिड़ंत से यह हादसा हुआ था जिसमें एक ही परविार के 8 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। 

पुलिस के अनुसार ये लोग मध्य प्रदेश के रहने वाले थे और सीकर जिले में खाटूश्याम जी मंदिर में दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे। राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने हादसे पर शोक जताया है। टोंक सदर थाने के थानाधिकारी दशरथ सिंह ने बताया कि यह हादसा रात लगभग सवा दो बजे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 12 पर हुआ। उन्होंने बताया कि यात्रियों से भरी एक बड़ी जीप को ट्रोले ने पीछे से टक्कर मार दी और टक्कर में जीप एक पुलिया व ट्रोले के बीच फंस गयी। 

उन्होंने बताया कि आठ लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि जीप में सवार लोग मध्य प्रदेश के जीरापुर (राजगढ़) के रहने वाले थे और वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान राधेश्याम सोनी (48), रामबाबू सोनी (37), ललित सोनी (24), नयन सोनी (15), अक्षत सोनी (7), ममता सोनी (28), बबली सोनी (28), अक्षिता सोनी (8) के रूप में की गई है।

 उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शवों को राजगढ भेज दिया गया है। वहीं चारों घायलों को जयपुर के सवाईमानसिंह चिकित्सालय में रेफर किया गया है। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री राजे, पूर्व उपमुख्यमंत्री पायलट व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर शोक जताते हुए दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। 

Anil dev

Advertising