सेक्स सीडी वायरल मामले में मचा बवाल, मंत्री रमेश जरकीहोली ने दिया इस्तीफा

Wednesday, Mar 03, 2021 - 03:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री रमेश जारकिहोली ने अपने खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को अपना त्यागपत्र भेज दिया। किसी अज्ञात महिला के साथ अंतरंग होने के कथित वीडियो क्लिप सामने आने के एक दिन बाद जारकिहोली ने त्यागपत्र दिया है। कन्नड़ समाचार चैनलों ने इस क्लिप का प्रसारण किया था। मुख्यमंत्री को भेजे त्यागपत्र में जारकिहोली ने कहा है, ‘‘मेरे खिलाफ लगे आरोपों में सच्चाई नहीं है। जल्द से जल्द इसकी जांच होनी चाहिए।''

जारकिहोली ने कहा है, ‘‘मुझे अपनी बेगुनाही पर भरोसा है लेकिन नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं। आपसे अनुरोध है कि इसे स्वीकार लें।'' सूत्रों के मुताबिक जारकिहोली ने पार्टी आलाकमान के निर्देश के बाद अपना त्यागपत्र भेजा है। बताया जाता है कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी अरूण सिंह ने दूसरे राज्यों में विधानसभा चुनाव और राज्य में पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रदेश नेतृत्व को पार्टी के फैसले से अवगत करा दिया।

राज्य विधानसभा के बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे बजट सत्र के पहले मंत्री के खिलाफ इस तरह के आरोप लगना बी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के लिए शर्मिंदगी का कारण बना है। राज्य में विपक्षी कांग्रेस और जद (एस) भी मंत्री के तुरंत इस्तीफे की मांग कर रही थी। 

Anil dev

Advertising