पुलवामा हमले पर NIA का बड़ा खुलासा! पाकिस्तानी ISI ने हमले की जिम्मेदारी लेने के लिए बनाया था नया आतंकी संगठन…

Tuesday, Jan 18, 2022 - 12:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. ने पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व सुरक्षा बल (सी.आर.पी.एफ.) जवानों के काफिले पर हमले के बाद अंतर्राष्ट्रीय दबाव से बचने तथा हमले की जिम्मेदारी लेने के लिए लश्कर-ए-मुस्तफा नामक नए आतंकवादी संगठन का गठन किया था। लश्कर-ए-मुस्तफा (एल.ई.एम.) बनाने की मूल योजना जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के भाई मुफ्ती उर्फ अब्दुल रऊफ की थी। उसने हथियारों की तस्करी के नाम पर उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को भर्ती किया और बाद में उन्हें आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया। भर्ती किए गए लोगों को बिहार, पंजाब और हरियाणा के रास्ते जम्मू में हथियारों की तस्करी करने के लिए कहा गया था। 

आई.एस.आई. जैश-ए-मोहम्मद का समर्थन कर रही थी और लश्कर-ए-मुस्तफा को पूरी तरह नियंत्रित कर रही थी। यह बात राष्ट्रीय जांच एजैंसी (एन.आई.ए.) की जांच में सामने आई। एन.आई.ए. ने शनिवार को लश्कर-ए-मुस्तफा के 4 गुर्गों मोहम्मद अरमान अली उर्फ अरमान मंसूरी, मोहम्मद एहसानुल्लाह उर्फ गुड्डू अंसारी, इमरान अहमद हाजम और इरफान अहमद डार के खिलाफ देश भर में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचने के लिए पूरक आरोपपत्र दाखिल किया। इस आरोपपत्र में इस बात का रहस्योद्घाटन किया गया है।  एन.आई.ए. की जांच से पता चला है कि इन चारों आरोपियों ने लश्कर-ए-मुस्तफा के लिए पंजाब और हरियाणा के रास्ते बिहार से जम्मू-कश्मीर तक हथियार खरीदने की साजिश रची, हथियारों की खरीद की और उन्हें ले जाया गया ताकि जम्मू-कश्मीर विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र में आतंकी गतिविधियां बढ़ाई जा सकें। 
 

Anil dev

Advertising