कर्नाटक के पूर्व CM येदियुरप्पा करेंगे राज्य का दौरा, 2023 के चुनाव के मद्देनजर मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

Wednesday, Mar 02, 2022 - 04:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री 79 साल के बीएस येदियुरप्पा ने हाल ही में अपने जन्मदिवस पर एक बार फिर से ऐलान किया कि राज्य में भाजपा को दोबारा सत्ता (रिपीट) में लाने के लिए बजट सत्र के बाद पूरे राज्य का दौरा करेंगे। हालांकि पार्टी के भीतर उनके आलोचकों ने बताया कि उन्होंने पहले भी इसी तरह की घोषणाएं की थीं, लेकिन उन्हें अपने राज्य के दौरे पर जाने के लिए पार्टी के उच्चाधिकारियों से अनुमति नहीं मिली। ऐसी भी अटकले लगाई जा रही है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा कर्नाटक में संगठनात्मक एवं अन्य बदलाव कर सकती है। 2023 के विधानसभा चुनाव के चलते पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को भी जल्द अहम जिम्मेदारी देगी।

भाजपा लिए करेंगे हर संभव प्रयास
येदियुरप्पा कहा कि इस बार भी यह सुनिश्चित नहीं है कि उन्हें यह मंजूरी मिलेगी या नहीं। येदियुरप्पा ने कहा कि सत्ता में मुख्यमंत्री नहीं होने के बावजूद मेरे जन्मदिन पर लगभग 3,000 लोग आए और मुझे आशीर्वाद दिया। मैं उनके प्यार और विश्वास का ऋणी हूं। विधानसभा सत्र के बाद मैं एक बार फिर राज्य भर का दौरा करूंगा और भाजपा को सत्ता में वापस लाने के लिए अपनी सीमा से परे हर संभव कोशिश करूंगा। येदियुरप्पा ने कहा कि जनता अब भी भाजपा के साथ है और कांग्रेस का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हमारा दृढ़ संकल्प है कि भाजपा अगले विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापस आएगी और यह लोगों की इच्छा भी है। हम सभी राज्य भर में यात्रा करेंगे और उस दिशा में सामूहिक प्रयास करेंगे।

सरकार और संगठन के स्तर पर दिक्कतें
सूत्रों के अनुसार, येदियुरप्पा समर्थक भी अभी तक खुद को बोम्मई के साथ पूरी तरह जोड़ नहीं पाए हैं। ऐसी वजहों के कारण ही सरकार और संगठन के स्तर पर कुछ दिक्कतें आती हैं। पार्टी के एक प्रमुख केंद्रीय नेता भी राज्य की राजनीति में काफी दखल रखते हैं, जिसके चलते भी दिक्कतें आती हैं। कर्नाटक में विपक्ष में कांग्रेस काफी मजबूत है। ऐसे में पार्टी नहीं चाहती है कि अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा की अंदरूनी गतिविधियों का फायदा उसे मिले। ऐसे में पार्टी सभी प्रमुख नेताओं के साथ समन्वय बना और उनको सम्मान देकर ही आगे बढ़ाना चाहती है। इसी रणनीति के तहत येदियुरप्पा को भी काई अहम पद देने की तैयारी है।

Anil dev

Advertising