सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे कमलनाथ, मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

Thursday, Jul 15, 2021 - 03:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस परिवार के बेहद करीबी माने जाने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच एक घंटे से ज्यादा बैठक चली। सूत्रों की मानें तो कलमनाथ को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है।यदि ऐसा होता है तो दो दशक से अधिक समय के बाद पहली बार कांग्रेस पार्टी की कमान गांधी परिवार से बाहर जाएगी। 1998 में सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही पार्टी की बागडोर गांधी परिवार के हाथ में रही है। इस मीटिंग में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रही। 

वहीं बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस और मौजूदा राजनीति से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर चर्चा हुई है। इस बीच, चर्चा है कि कांग्रेस संगठन में संभावित बदलाव में कमलनाथ को भी कोई महत्वपूर्ण भूमिका दी जा सकती है, हालांकि पार्टी की ओर से इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। कमलनाथ ने सोनिया से ऐसे समय मुलाकात की है जब पार्टी की पंजाब इकाई में कलह को दूर करने के लिए कवायद तेज हो गई है और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने पिछले दिनों पार्टी आलाकमान के साथ लंबी बैठक की। 

कांग्रेस संगठन में अहमद पटेल के जाने के बाद से कमलनाथ अहम भूमिका निभा रहे है। हाल ही में दो दिन पहले जब प्रशांत किशोर की राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी उसमें भी कमलनाथ की अहम थी। इससे पहले जी20 को लेकर हुए विवाद के दौरान भी कमलनाथ की अहम भूमिका मानी जा रही थी। इसलिए माना जा रहा है कि कमलनाथ को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में कमलनाथ का नाम सबसे आगे हैं।

Anil dev

Advertising