26/11 मुंबई आतंकी हमले की 13वीं बरसी पर राहुल गांधी का भावुक ट्वीट

Friday, Nov 26, 2021 - 11:48 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले में शहीद होने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सीमा पर कठिन मौसम में परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा करता है। आतंकवादी हमले में अपनी जान की बाज़ी लगाकर मासूमों को बचाता है। जान की नहीं, जहान की फ़िक्र करता है। परिवार की, गांव की, देश की शान है- ऐसा मेरे देश का जवान है।'' कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘26/11 के वीरों को नमन। जय हिंद!'' उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी समुद्री मार्ग से मुंबई पहुंचे और उन्होंने कई स्थानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें 18 सुरक्षा कर्मियों समेत 166 लोगों की मौत हो गयी। 



अमित शाह ने 26/11 आतंकी हमलों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी 
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और इसमें शहीद हुए सैनिकों की वीरता की सराहना की। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी समुद्री मार्ग से मुंबई के विभिन्न इलाकों में घुस गए थे और उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी शुरू कर दी थी। सुरक्षाकर्मियों ने इनमें से नौ आतंकवादियों को मार गिराया जबकि एक को जिंदा पकड़ने में सफलता हासिल की। इस हमले में 18 सुरक्षाकर्मियों सहित 166 लोग मारे गए थे। शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मुंबई 26/11 आतंकी हमलों में जान गंवाने वालों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देता हूं और उन सभी सुरक्षाकर्मियों के साहस को सलाम करता हूं, जिन्होंने कायरतापूर्ण हमलों में आतंकवादियों का डटकर सामना किया। पूरे देश को आपकी वीरता पर गर्व रहेगा। कृतज्ञ राष्ट्र सदैव आपके बलिदान का ऋणी रहेगा।'' 
 

Anil dev

Advertising