राहुल से ED की पूछताछ के बीच रॉबर्ट वाड्रा का BJP पर बड़ा हमला, बोले- मुझे भी गिरफ्तार किया तो आश्चर्य नहीं होगा…

Wednesday, Jun 15, 2022 - 01:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘नेशनल हेराल्ड' समाचार पत्र से जुड़े कथित धनशोधन के एक मामले में लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए और जांच एजेंसी उनसे पूछताछ कर रही है। राहुल गांधी सीआरपीएफ जवानों की ‘‘जेड प्लस' श्रेणी की सुरक्षा के साथ सुबह करीब 11 बजकर 35 मिनट पर मध्य दिल्ली में एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित ईडी मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी थीं। वहीं रॉबर्ट वाड्रा ने भाजपा पर बड़ा हमला किया है। 

उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी की गिरफ्तारी होती है तो भी उन्हें इसमें कोई आश्चर्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जब ये 75 साल की बीमार औरत को समन कर सकते हैं तो कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन केवल 9-10 घंटों की पूछताछ में ही जब सभी सवाल जवाब हो जाते हैं तो फिर तीन दिन तक बुलाना सिर्फ राजनीतिक द्वेश है। वाड्रा ने आगे कहा कि हो सकता है और बुलाएं तो भी राहुल डरेगे नहीं। इससे पहले राहुल गांधी की इस मुश्किल घड़ी में उनका ढांढस बंधाते हुए रॉबर्ड वाड्रा ने कहा था कि सत्य की जीत होगी। उसे कोई दबा नहीं सकता है।

राहुल से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
वहीं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के तीसरे दिन बुधवार को भी विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। मुख्य विपक्षी दल ने दावा किया कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने से रोका जा रहा है तथा सिर्फ दो मुख्यमंत्रियों अशोक गहलोत एवं भूपेश बघेल को ‘24 अकबर रोड' पहुंचने की अनुमति दी गई है। उसने यह भी कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी झुकने वाले नहीं हैं।

पार्टी के एक नेता ने बताया कि भारतीय युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस की कई सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने ईडी मुख्यालय के निकट प्रदर्शन किया। कांग्रेस के अनुसार, सांसद मणिकम टैगोर, ए. चेल्ला कुमार, अमर सिंह और जयकुमार विजय वसंत तथा भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। 

Anil dev

Advertising