जेपी नड्डा का विपक्ष पर हमला, कहा- ये झूठ और छल से उत्तराखंड की पावन भूमि को प्रदूषित करना चाहते हैं

Wednesday, Sep 29, 2021 - 05:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भाजपा  के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा है कि अन्य दलों के पास मुद्दे खत्म हो गए हैं इसलिए वे झूठ एवं छल की राजनीति करने पर विवश हैं। नड्डा ने बुधवार को उत्तराखंड में कुछ महीनों बाद होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजकों और प्रभारियों की बैठक को आभासी माध्यम से संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से कमर कस लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें विपक्षी दलों के झूठ और छल से उत्तराखंड की पुण्य भूमि को प्रदूषित नहीं होने देना है। झूठे और लुभावने वादे कर गायब हो जाने वाले लोगों की सच्चाई जनता के बीच लेकर जानी है। 

नड्डा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सदैव उत्तराखंड की जनता की सुरक्षा एवं विकास के प्रति संवेदनशील रही है। हमने‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास'की नीति के आधार पर उत्तराखंड के विकास एवं जन कल्याण को समर्पित सरकार चलायी है जिससे हमें देवभूमि की जनता का स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। आगामी चुनाव भी हम पार्टी की नीतियों, केंद्र एवं प्रदेश सरकार के विकास कार्यों, कार्यकर्ताओं के सेवा भाव, समर्पण एवं सामर्थ्य के दम पर जीतेंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘दूसरे राजनैतिक दल मानते हैं कि धनबल और बाहुबल से ही राजनीति संभव है, पर भाजपा की शक्ति कार्यकर्ता और संगठन है। आज विरोधी भी मानते हैं कि देश में कार्यकर्ता आधारित पार्टी कोई है तो वह भाजपा है। आखिर ऐसा क्यों है कि केवल भाजपा के पास परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले कार्यकर्ताओं की फौज है। बाकी सभी राजनैतिक दलों में कार्यकर्ता व्यक्तिनिष्ठ हैं जबकि भाजपा के कार्यकर्ता विचारनिष्ठ और कर्तव्यनिष्ठ हैं।'' 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव लड़ना हमारा महत्वपूर्ण काम है, पर हम सिफर् चुनाव लड़ने की मशीनरी नहीं है। भाजपा सामाजिक परिवर्तन और जनसेवा का भी एक माध्यम है। इसलिए अपने शक्ति केंद्र के क्षेत्र में हम इस प्रकार के कार्यकर्मों की रचना करें, जो इस उदेश्य की पूर्ति में सहायक हो। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किये गए गरीब-कल्याण के कार्यों तथा जन-कल्याणकारी योजनाओं को अपने क्षेत्र में घर-घर पहुंचाना भी बूथ कार्यकर्ताओं की एक बहुत बड़ी जिम्मेवारी है। कोरोना काल में हमने देखा किस प्रकार आप सबने सेवा का बड़ा काम किया। पूरी दुनिया हैरान-परेशान थी कि क्या किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता भी अपनी जान जोखिम में डाल कर सेवा का इतना बड़ा अभियान चला सकते हैं? हमारे कार्यकर्ताओं ने देश, समाज और दुनिया के सामने एक अभूतपूर्व उदाहरण प्रस्तुत किया है।

नड्डा ने कहा, ‘‘हर बूथ पर ऐसे विचार निष्ठ कार्यकर्ता की टीम खड़ी करना, उन्हें पार्टी में संभाल कर जोड़े रखना, उन्हें प्रशिक्षित कर उनकी रुचि और सामर्थ्य के अनुसार काम में लगाना - यही शक्ति केंद्र प्रमुख और पालक का सबसे बड़ा दायित्व है। नियमित रूप से बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक हो, इसकी चिंता की जानी चाहिए, इसके लिए कार्यक्रमों की रचना की जानी चाहिए।''उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विधान सभा चुनाव आने वाले हैं। हम सब जानते हैं कि चुनाव की असली लड़ाई बूथ पर होती है। बूथ जीता तो इसका मतलब, हमने चुनाव जीत लिया। हमें इसके लिए पूरी तन्मयता से काम करना है। चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ वैक्सीनेशन और गरीब कल्याण अन्न योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भी हमें कार्य करना है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हम अपने लक्ष्य को पूरा करने में सफल होंगे और उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की की सरकार बनेगी।

Anil dev

Advertising