देश में कोरोना संक्रमण के करीब 14 हजार नए मामले, अबतक 1.07 करोड़ लोगों को लगी वैक्सीन

punjabkesari.in Saturday, Feb 20, 2021 - 11:15 AM (IST)

नई दिल्‍ली. देश में कोविड-19 के 13,993 नए मामले आने से शनिवार को संक्रमितों की संख्या 1,09,77,387 हो गयी जबकि 1,06,78,048 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 13,993 नए मामले आए तथा संक्रमण से 101 और लोगों की मौत हो गयी। देश में करीब 22 दिनों के बाद संक्रमण के 14,000 के आसपास मामले आए हैं। इससे पहले 29 जनवरी को 18,855 मामले आए थे। संक्रमण से अब तक 1,06,78,048 लोगों के ठीक होने के साथ ही स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.27 प्रतिशत हो गयी है और मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1.5 लाख से नीचे है। 

टीकाकरण के मामले में भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर
कोविड-19 टीकाकरण के मामले में अमेरिका और इंग्लैंड के बाद भारत, दुनिया भर में तीसरे स्थान पर है। 19 फरवरी तक देश भर में 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार 204 स्वास्थ्यकर्मियों और कोरोना योद्धाओं को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है।  बीते दिन 5 लाख 27 हजार 197 लोगों को टीका लगा।  टीके की दूसरी खुराक लेने वालों में से 58.20 फीसदी लोग सात राज्यों से हैं।  अकेले कर्नाटक में 14.74 फीसदी (54,397 खुराक) इंजेक्शन लगे हैं।  टीकाकरण के खिलाफ अस्पताल में भर्ती का प्रतिशत 0.0004 फीसदी है।  मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'अभी तक कोरोना टीका से एक भी लोगों की मौत की सूचना मिली है। 

PunjabKesari

16 राज्यों में कोरोना से एक भी मौत नहीं
सोलह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने 24 घंटे में किसी भी कोविड​​-19 की मौत की सूचना नहीं दी है। ये गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा, झारखंड, मेघालय, पुड्डुचेरी, चंडीगढ़, मणिपुर, मिज़ोरम, लक्षद्वीप, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दमन एवं दीव और दादरा एवं नागर हवेली। 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक से पांच के बीच मरीजों की मौत की सूचना है जबकि तीन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह संख्या छह से 10 के बीच है। भारत में उपचाराधीन कोविड-19 मामलों की संख्या वर्तमान में 1,39,542 है, जो कि कुल संख्या का केवल 1.27 प्रतिशत है। 24 घंटे की अवधि में 10,896 और मरीजों के ठीक होने से इस बीमारी से ठीक होने वाले रोगियों की संख्या बढ़कर 1.06 करोड़ से अधिक (1,06,67,741) हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि ठीक हुए मरीजों में से 83.15 फीसदी मरीज छह राज्यों में ठीक हुए हैं। 

PunjabKesari
 

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में 1,43,127 उपचाराधीन मरीज हैं जो कि कुल मामलों का 1.27 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख और 19 दिसम्बर को एक करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में 19 फरवरी तक 21,02,61,480 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की जा चुकी है। इनमें से 7,86,618 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil dev

Recommended News

Related News