छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सली हमला, ITBP के दो जवान शहीद, AK-47 रायफल भी लूटी

Friday, Aug 20, 2021 - 03:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सली हमले में में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं। हमले को अंजाम देने के बाद नक्सली एक AK-47 रायफल, दो बुलेटप्रूफ जैकेट और वाकी टॉकी भी लूटकर वहां से भाग गए। नारायणपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यहां बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आईटीबीपी के कड़ेमेटा शिविर के करीब माओवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया है। इस हमले में सहायक सेनानी सुधाकर शिंदे और सहायक उप निरीक्षक गुरमुख सिंह शहीद हो गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोपहर लगभग 12:10 बजे आईटीबीपी की 45वीं बटालियन की ई कंपनी को गश्त पर रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि दल के जवान जब शिविर से छह सौ मीटर की दूरी पर थे तभी नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में शिंदे और सिंह शहीद हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद माओवादी एक एके-47, दो बुलेट प्रूफ जैकेट तथा एक वायरलेस सेट लूट कर ले गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है तथा हमलावर नक्सलियों की खोज शुरू कर दी गई है। 




 

Anil dev

Advertising