कोरोना का कहर: केजरीवाल सरकार का बड़ा फैसला, अगले आदेश तक दिल्ली के सभी स्कूल बंद

Friday, Apr 09, 2021 - 05:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में तेजी से बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए राजधानी के सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद करने का एलान किया है। केजरीवाल ने शुक्रवार को ट्वीट कर ये जानकारी दी। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “कोविड के बढ़ते मामलों के कारण, दिल्ली में सभी स्कूल (सरकारी, प्राइवेट सहित), सभी क्लासेज के लिए अगले आदेश तक बंद किए जा रहे हैं।” 

 

देश में कोविड-19 के एक दिन में 1,31,968 नए मामले
वहीं भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,31,968 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,30,60,542 हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार की सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, वायरस से 780 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,67,642 हो गई। 18 अक्टूबर के बाद सामने आए मौत के ये सबसे अधिक मामले हैं। आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार 30 दिनों से नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और इसके साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 9,79,608 हो गई, जो कुल मामलों का 7.5 प्रतिशत है। देश में 12 फरवरी को सबसे कम 1,35,926 उपचाराधीन मरीज थे। यह संख्या उस समय के कुल मामलों का 1.25 प्रतिशत थी।


Anil dev

Advertising