मोदी सरकार के 78 मंत्रियों में से 72 मंत्री करोड़पति

Friday, Jul 08, 2016 - 07:06 PM (IST)

नई दिल्लीः हालिया विस्तार के बाद मोदी मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या बढ़ कर 78 हो गई है जिसमें से 72 करोड़पति हैं। एक स्टडी के मुताबिक मंत्रिमंडल में 24 सदस्य ऐसे भी हैं जिनके खिलाफ घोषित आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिछले सप्ताह हुए विस्तार में 19 नए मंत्री शामिल किए गए और 5 को हटाया गया। इस तरह कुल मंत्रियों की संख्या 78 हो गई।

 

नैशनल इलैक्शन वॉच (एन.ई.डब्ल्यू.) और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ए.डी.आर.) ने सभी मंत्रियों की ओर से दिए गए हलफनामों के आधार पर कुछ दिलचस्प आंकड़े पेश किए हैं।

 

नए मंत्रियों में सबसे ज़्यादा दौलत 44.90 करोड़ रुपए एम.जे. अकबर के पास है जबकि पी.पी. चौधरी के पास 35.25 करोड़ और विजय गोयल के पास 29.97 करोड़ की संपत्ति है। समूचे मोदी मंत्रिमंडल में 9 मंत्री ऐसे हैं जिनकी संपत्ति 30 करोड़ से ज़्यादा है, इनमें अरुण जेतली, हरसिमरत कौर बादल, जयंत सिन्हा, मेनका गांधी और महेश शर्मा जैसे मंत्री शामिल हों। हलफनामों के मुताबिक अनिल माधव दवे (60.97 लाख) के पास सबसे कम संपत्ति है।

 

मोदी मंत्रिमंडल में कुल 9 महिलाएं शामिल हैं जिनमें 33 वर्षीय अनुप्रिया पटेल सबसे युवा मंत्री है। जहां तक बात शिक्षा की है तो 14 मंत्रियों की शिक्षा 12वीं पास या उससे कम है जबकि स्नातक और उससे अधिक शिक्षा प्राप्त मंत्रियों की संख्या 63 है।

 

नए मंत्रियों में 7 ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जिनमें 3 के विरुद्ध हत्या का प्रयास, सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने और चुनाव हिंसा से जुड़े गंभीर मामले दर्ज हैं। नए मंत्रियों की औसत संपत्ति 8.73 करोड़ रुपए हैं। पूरे मंत्रिमंडल की औसत संपत्ति की बात की जाए तो ये 12.94 करोड़ रुपए बैठती है।

Advertising